Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल और उसका साथी अपहरण व जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल और उसका साथी अपहरण व जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल और उसका साथी अपहरण व जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला साइबर सेल में तैनात एक कांस्टेबल को अपहरण और जबरन वसूली (उगाही) के एक मामले में उसके एक सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तारी के बाद कांस्टेबल को निलंबित भी कर दिया गया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रविवार को कोतवाली पुलिस ने मोइन अली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद शहर की एक अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए अपहरण के एक मामले में, तकनीकी खुफिया जानकारी (टेक्निकल इंटेलिजेंस) की मदद से अली पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने बार-बार 'जन-अनुकूल पुलिसिंग' पर जोर दिया है और पुलिसकर्मियों द्वारा किए जाने वाले किसी भी कदाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाई है।

पदभार संभालने के समय पुलिस बल को दिए अपने संदेश में कमिश्नर ने दिल्ली पुलिस के कर्मियों को यह मंत्र दिया, "लोग सबसे पहले। भरोसे के साथ पुलिसिंग। मिलकर दिल्ली को सुरक्षित बनाएं।"

उन्होंने कहा, "जनता की सेवा करना, उनका भरोसा जीतना और सुरक्षा सुनिश्चित करना, दिल्ली पुलिस एक ऐसी पारदर्शी, निष्पक्ष और पेशेवर पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें नागरिकों को जनसेवा के केंद्र में रखा जाता है। ईमानदारी, सुलभता, त्वरित प्रतिक्रिया और जवाबदेही पुलिस सेवा की मुख्य विशेषताएं हैं।"

उन्होंने कहा, "सक्रिय सामुदायिक भागीदारी और सकारात्मक जुड़ाव के जरिए दिल्ली पुलिस एक ऐसी सुरक्षित और समावेशी दिल्ली बनाने का प्रयास कर रही है, जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे और जहां उनकी बात सुनी जाए।"

इससे पहले शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अपने सभी 15 पुलिस जिलों के थानों में साप्ताहिक 'थाना दिवस-जनसुनवाई' कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें जनता की 2,458 शिकायतों का समाधान किया गया।

इस पहल ने नागरिकों को एक सीधा मंच प्रदान किया, जहां वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें रख सकते हैं, चिंताएं साझा कर सकते हैं और सुझाव दे सकते हैं।

सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों की जांच की गई और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए उचित निर्देश दिए गए।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर जून 2026 में शुरू की गई 'थाना दिवस-जनसुनवाई' पहल के तहत नागरिक हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच पुलिस अधिकारियों से मिल सकते हैं और अपनी शिकायतें उनके सामने रख सकते हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags