Samachar Nama
×

झज्जर रंगदारी फायरिंग मामले में वांछित जोरा गैंग का शूटर दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नवीन डबास उर्फ जोरा गैंग से जुड़े एक शूटर को गिरफ्तार किया है। वह हरियाणा के झज्जर जिले में एक मेडिकल स्टोर पर रंगदारी के लिए की गई फायरिंग के मामले में वांछित था।
झज्जर रंगदारी फायरिंग मामले में वांछित जोरा गैंग का शूटर दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नवीन डबास उर्फ जोरा गैंग से जुड़े एक शूटर को गिरफ्तार किया है। वह हरियाणा के झज्जर जिले में एक मेडिकल स्टोर पर रंगदारी के लिए की गई फायरिंग के मामले में वांछित था।

आरोपी की पहचान 22 वर्षीय चिराग उर्फ सचिन के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा का रहने वाला है। उसे स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी इलाके में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान उसके पास से एक आधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, चिराग गैंगस्टर नवीन डबास उर्फ जोरा के लिए सक्रिय शूटर के तौर पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि जोरा दुबई से गैंग चला रहा है।

स्पेशल सेल के डीसीपी नर्रा चैतन्य ने बताया कि चिराग ने अपने साथियों मोहित उर्फ चंद और जतिन के साथ मिलकर 5 मई को झज्जर के एक मेडिकल स्टोर पर फायरिंग की थी। इसका मकसद दुकान मालिक से रंगदारी वसूलना था।

डीसीपी ने कहा कि फायरिंग की घटना के बाद गैंगस्टर नवीन डबास उर्फ जोरा ने मेडिकल स्टोर मालिक को फोन कर धमकी भी दी थी।

इस घटना के बाद हरियाणा पुलिस ने झज्जर के सिटी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान स्पेशल सेल को 12 मई को सूचना मिली कि जोरा गैंग का एक शूटर अवैध हथियार लेकर रोहिणी इलाके में आने वाला है।

सूचना के आधार पर एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर मंदीप और इंस्पेक्टर जयबीर की टीम ने जाल बिछाकर चिराग को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, चिराग ने 10वीं तक पढ़ाई की है। वह 2020 से 2022 के बीच खरखौदा में एक जनरल स्टोर पर काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान मोहित उर्फ चंद के जरिए सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से नवीन डबास से हुई।

जांच में यह भी सामने आया कि जब रंगदारी के लिए फायरिंग मामले में मोहित और जतिन को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, तब चिराग फरार हो गया था और लगातार गैंगस्टर के संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार, जोरा ने उसे दिल्ली जाकर आगे के निर्देश मिलने तक इंतजार करने के लिए कहा था, लेकिन उससे पहले ही स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

--आईएएनएस

एएमटी/एमएस

Share this story

Tags