Samachar Nama
×

दिल्ली: चार घोषित अपराधी गिरफ्तार, इनामी आरोपी के साथ अपहृत लड़की बरामद

दिल्ली: चार घोषित अपराधी गिरफ्तार, इनामी आरोपी के साथ अपहृत लड़की बरामद
दिल्ली: चार घोषित अपराधी गिरफ्तार, इनामी आरोपी के साथ अपहृत लड़की बरामद

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जिले के भीकाजी कामा प्लेस पुलिस चौकी, आरके पुरम पुलिस स्टेशन और सरोजिनी नगर पुलिस स्टेशन की टीमों ने अलग-अलग अभियानों में चार घोषित अपराधियों और फरार चल रहे लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुंदर राज (49), लोगनाथन उर्फ एन. लोगनाथन (36), रुकमन (49) और छोटू कश्यप (29) के रूप में हुई है। इनमें सुंदर राज, लोगनाथन और रुकमन तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और अदालतों ने अलग-अलग मामलों में 3 फरवरी 2017, 5 मार्च 2025, 15 अक्टूबर 2025 और 6 जुलाई को जारी आदेशों के तहत इन्हें 'घोषित अपराधी' (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित कर रखा था।

पुलिस के अनुसार, कानूनी कार्रवाई से बच रहे घोषित अपराधियों, फरार लोगों और अन्य वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी जुटाई, अपने स्थानीय सूत्रों को सक्रिय किया, फील्ड वेरिफिकेशन किया और पुख्ता जानकारी मिलने पर छापेमारी की।

पहले ऑपरेशन में आरके पुरम पुलिस स्टेशन की एक टीम ने इलाके में गश्त के दौरान 'ठक-ठक गैंग' के तीन सदस्यों को पकड़ा, जो तिरुचिरापल्ली के रहने वाले हैं। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र गुलिया, हेड कांस्टेबल कुलदीप, रामफूल और इंद्रराज, तथा कांस्टेबल लोकेश शामिल थे। यह कार्रवाई स्टेशन हाउस ऑफिसर यशपाल सिंह के मार्गदर्शन में और वसंत विहार के एसीपी बब्बर भान की देखरेख में की गई।

गश्त के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा और उन्हें हिरासत में ले लिया। जांच करने पर पता चला कि ये तीनों अलग-अलग आपराधिक मामलों में 'घोषित अपराधी' थे।

सुंदर राज पहले भी 12 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, उसे कोतवाली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 379, 411, 420 और 34 के तहत दर्ज एफआईआर नंबर 336/2017 में 'घोषित अपराधी' करार दिया गया था। अदालत ने यह आदेश 5 मार्च 2025 को जारी किया था।

लोगनाथन को चार मामलों में 'घोषित अपराधी' घोषित किया गया था, जिनमें आईपीसी की धाराओं 379, 411 और 34 के तहत दर्ज एफआईआर नंबर 28/2015 भी शामिल है। अदालत ने इस संबंध में 3 फरवरी,2017 को आदेश जारी किया था। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी संबंधित पुलिस स्टेशन को दे दी गई है।

नबी करीम पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धाराओं 379, 401, 411 और 34 के तहत दर्ज एफआईआर नंबर 230/2018 में रुकमन को 'घोषित अपराधी' करार दिया गया था। अदालत ने यह आदेश 15 अक्टूबर, 2025 को जारी किया।

एक अलग कार्रवाई में सरोजिनी नगर पुलिस ने छोटू कश्यप को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया। उस पर 20,000 रुपए का इनाम घोषित था। वह भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत दर्ज एफआईआर नंबर 450/2025 में वांछित था।

इस टीम में सब-इंस्पेक्टर दीपक और हेड कांस्टेबल अमरजीत, मुकेश और अजीत शामिल थे, जिन्होंने एसएचओ अतुल त्यागी और एसीपी(एसजे एन्क्लेव) मेल्विन वर्गीस के नेतृत्व में काम किया। लगातार फील्ड ऑपरेशंस, ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए लगभग 5,000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद टीम ने पंजाब की गोविंदपुर मंडी में कश्यप का पता लगा लिया। पुलिस ने उसी जगह से 14 साल की एक अपहृत लड़की को भी बरामद किया।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags