आईपीओ और स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर ठगी, पांच राज्यों से सात आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने पांच राज्यों से सात लोगों को गिरफ्तार कर साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इन पर 67.78 लाख रुपए के निवेश घोटाले में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि यह नेटवर्क लोगों को स्टॉक मार्केट और आईपीओ में निवेश के नाम पर ठगता था। जांच में एक ऐसे संगठित गिरोह का पता चला है, जो फर्जी कंपनियों के बैंक अकाउंट उपलब्ध कराता था। इन अकाउंट्स का इस्तेमाल ठगी की रकम लेने और उसे तुरंत दूसरी जगहों पर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की 'इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशंस' (आईएफएसओ) यूनिट ने की। यह दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध से निपटने वाली एक विशेष यूनिट है।
आईएफएसओ के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी-I) गौरव त्यागी ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान सात मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों की पहचान प्रयागराज के रहने वाले पवन कुमार, लखनऊ के मो. इजहान; कानपुर के आर्यन कनौजिया और सानू कठेरिया उर्फ कार्तिक के अलावा दिल्ली के रहने वाले अशबिंद कुमार सिंह उर्फ 'बॉस' (45) और हेमंत कुमार शाह उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता नंदन सिंह नयाल (द्वारका निवासी) और उनके परिवार वालों को '538 एक्शन प्राइस लैब' और 'विक्ट्री पायनियर्स कैपिटल' नाम के फर्जी वॉट्सऐप ग्रुप्स के जरिए शेयर और आईपीओ में निवेश करने के लिए बहकाया गया था।
ठगों ने खुद को स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट बताया और मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट तथा निवेश की सलाह देकर लोगों को ऐसा भरोसा दिलाया कि वे असली निवेश के मौके हैं।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि इसके बाद पीड़ितों को एक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश करने के लिए कहा गया। इस प्लेटफॉर्म पर निवेश से काल्पनिक मुनाफा दिखाया जाता था और अच्छे रिटर्न तथा आईपीओ अलॉटमेंट का वादा किया जाता था।
शिकायतकर्ता और उनके परिवार वालों ने 22 ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 67,78,000 रुपए उन बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिए, जो ठगों ने उन्हें दिए थे। जब पीड़ितों ने अपना निवेश निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने पेंडिंग ऑर्डर और अन्य बकाया राशि चुकाने के बहाने उनसे 1,10,75,424 रुपए और मांगे। जब पीड़ितों को इस धोखे का पता चला और उन्होंने और पैसे देने से मना कर दिया तो जालसाजों ने जवाब देना बंद कर दिया और गायब हो गए।
जांच से पता चला कि ठगी गई रकम को फर्जी कंपनियों के कई बैंक खातों के जरिए घुमाया गया था, जो एक संगठित 'म्यूल-अकाउंट' नेटवर्क का हिस्सा थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने हेरफेर किए गए या जुगाड़ से हासिल किए गए केवाईसी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके बैंक खाते खुलवाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि अपराध से हासिल की गई रकम को एटीएम और 'बेयरर चेक' के जरिए निकाल लिया गया या फिर क्रिप्टोकरेंसी में बदल दिया गया।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

