Samachar Nama
×

दिल्ली: एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गोल मार्केट में चलाया पौधारोपण अभियान

दिल्ली: एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गोल मार्केट में चलाया पौधारोपण अभियान
दिल्ली: एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गोल मार्केट में चलाया पौधारोपण अभियान

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को गोल मार्केट क्षेत्र में 'एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे' अभियान के तहत सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस अभियान का यह लगातार 32वां सप्ताह था।

एनडीएमसी की ओर से जारी बयान के अनुसार, कुलजीत सिंह चहल ने सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के परिसर, ब्लॉक 49-55, टाइप-3, कालीबाड़ी मार्ग, गोल मार्केट में स्थानीय निवासियों के साथ पौधे लगाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर चहल ने 'गुड गवर्नेंस एट योर डोरस्टेप' पहल के तहत आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चहल ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे' अभियान ने सफलतापूर्वक 32 सप्ताह पूरे कर लिए हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता और सक्रिय भागीदारी का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि साप्ताहिक पौधारोपण अभियानों के अलावा एनडीएमसी विश्वविद्यालयों, दूतावासों और विभिन्न संस्थानों के सहयोग से बड़े स्तर पर भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

चहल ने अभियान में बढ़ती जनभागीदारी पर खुशी जताते हुए एनडीएमसी की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयास नई दिल्ली को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के संरक्षक पवन कुमार, अध्यक्ष कृष्ण कुमार, उपाध्यक्ष भैरव नाथ, महासचिव लक्ष्मी कुमार, कोषाध्यक्ष अजय वाजपेयी, सदस्य दीपक अहीर, प्रियंका, विक्रम सिंह नेगी, अनिल चौधरी सहित अनेक निवासी मौजूद रहे।

चहल ने कहा, "एक पेड़ मां के नाम केवल पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का जन आंदोलन है। मां के सम्मान में लगाया गया हर पौधा प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव रखता है।"

उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से पौधों को तब तक संरक्षित रखने का आग्रह किया, जब तक वे पूर्ण विकसित वृक्ष न बन जाएं।

चहल ने बताया कि एनडीएमसी ने पूरे वर्ष के लिए ग्रीन कैलेंडर तैयार किया है, जिसके तहत नई दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रत्येक रविवार पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल इंजीनियरिंग, सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज और विद्युत विभाग मिलकर लगाए गए पौधों की देखभाल और उनके स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करेंगे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags