मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब पेपर लीक मामले में हरजोत बैंस के इस्तीफे की मांग की, आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब में डी फॉर्मेसी पेपर लीक मामले पर भाजपा नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीडियो जारी कर कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की ओर से कहा गया था कि अगर सरकार में पेपर लीक होगा तो मंत्री का इस्तीफा ले लिया जाएगा। पंजाब पेपर लीक मामले को लेकर जब अभिजीत दीपके से पूछा गया कि क्या इस्तीफा होना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि पंजाब पेपर लीक मामले पर भी इस्तीफा होना चाहिए। लेकिन बच्चों के नाम पर नौटंकी करने वाली पार्टी आज अपने मंत्री हरजोत बैंस का इस्तीफा नहीं ले रही है।
मनजिंदर सिंह ने आगे कहा कि कल जब आप नेताओं से पूछा गया कि पंजाब में पेपर लीक मामले पर इस्तीफा कब लिया जाएगा, तो यह शर्म की बात है कि आम आदमी पार्टी अपने मंत्री हरजोत बैंस का इस्तीफा लेने से भाग गई। जो खुद छात्रों के आंदोलन में आकर कहते थे, वे अब दिखाई नहीं देंगे। इससे पता चलता है कि कितने झूठेबाजों की पार्टी है, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की आम आदमी पार्टी।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान भी अपने मंत्री का इस्तीफा नहीं ले पाएंगे। बच्चों के भविष्य को खराब किया गया और लाखों रुपए में पेपर बेचे गए। आम आदमी पार्टी बेशर्मों की तरह भाग रही है, लेकिन हरजोत बैंस का इस्तीफा नहीं मांग रही है।
सिरसा ने कहा, “आम आदमी पार्टी, जो हमेशा अपनी गंदी राजनीति के लिए लोगों को नुकसान पहुंचाती है। जो लोग आंदोलनों का नेतृत्व करते थे और बड़े-बड़े दावे करते थे, वे आज कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। इससे पता चलता है कि यह पार्टी कितनी बेईमान और धोखेबाज है।”
बता दें कि यह पंजाब में कथित पेपर लीक को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच आई है, जिसमें विपक्षी पार्टियां जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जवाबदेही और कार्रवाई की मांग कर रही हैं। पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी को राजनीतिक विरोधियों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जिन्होंने विवाद से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए हैं और एग्जाम में हुई कथित गड़बड़ियों पर ज़्यादा जवाबदेही की मांग की है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

