पंजाब में ड्रग्स की समस्या पर आप की चुप्पी को लेकर दिल्ली भाजपा ने साधा निशाना
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने रविवार को दिल्ली और पंजाब के इलाकों में ड्रग्स की कथित बिक्री को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दोहरे रवैये की आलोचना की।
कपूर ने कहा कि जहां आप नेता दिल्ली के इलाकों में ड्रग्स की कथित बिक्री के बारे में बिना सबूत के बयान देते हैं, वहीं वे पंजाब में ड्रग्स के दुरुपयोग की गंभीर समस्या को उजागर करने के लिए शायद ही कभी समय निकालते हैं, जबकि वहां उनकी सरकार है।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने आप विधायक कुलदीप कुमार के उस हालिया आरोप को 'पब्लिसिटी स्टंट' करार दिया, जिसमें कहा गया था कि दिल्ली पुलिस पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में ड्रग्स की बिक्री में मदद कर रही है।
कपूर ने कहा कि ड्रग्स की बिक्री गलत है, चाहे वह कहीं भी हो रही हो, और दिल्ली पुलिस को इस गंभीर मुद्दे पर सख्ती बरतनी चाहिए, लेकिन आप नेताओं को पहले पंजाब की सड़कों पर ड्रग्स की बिक्री रोकनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह बेहतर होगा कि आप विधायक कुलदीप कुमार, दिल्ली पुलिस पर ड्रग्स की बिक्री में मदद करने का आरोप लगाने से पहले, आप सरकार के कार्यकाल में पूरे पंजाब में खुलेआम हो रही ड्रग्स की बिक्री पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि अगर आप विधायक मुद्दों का राजनीतिकरण करने के बजाय समाधान खोजने में उतना ही समय और ध्यान देते तो कल्याणपुरी के हालात कहीं बेहतर होते।
इससे पहले रविवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर भर में 6,339 जगहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' को सुना।
हर्ष मल्होत्रा, शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, राज्य मंत्री सरदार गुरमीत सिंह सूरा, भाजपा मीडिया सह-प्रभारी प्रदीप भंडारी और दिल्ली भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल गुप्ता ने सैनी एन्क्लेव में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के साथ 'मन की बात' सुनी।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने सादिक नगर के सेक्टर-3 स्थित सरकारी कर्मचारी कॉलोनी के पार्क शेड में स्थानीय आरडब्ल्यूए सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' सुनी।
इस मौके पर विधायक नीरज बसोया और नगर पार्षद अनीता बसोया के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय आरडब्ल्यूए सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
'मन की बात' कार्यक्रम के बाद मल्होत्रा ने 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत एक पौधा लगाया।
--आईएएनएस
एमएस/

