Samachar Nama
×

गहरे दबाव के असर से ओडिशा में भारी बारिश जारी, कई जिलों के लिए रेड अलर्ट

गहरे दबाव के असर से ओडिशा में भारी बारिश जारी, कई जिलों के लिए रेड अलर्ट
गहरे दबाव के असर से ओडिशा में भारी बारिश जारी, कई जिलों के लिए रेड अलर्ट

भुवनेश्वर, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के कारण ओडिशा के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। राज्य सरकार इसके असर से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर रही है।

डीप डिप्रेशन 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और गोपालपुर से करीब 160 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के सूत्रों के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और अगले तीन से चार घंटों के दौरान विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच, कलिंगपट्टनम के दक्षिण पश्चिम में उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है।

आईएमडी भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के बड़े हिस्से में बारिश दर्ज की गई है।

राज्य में 35 स्थानों पर 7 से 12 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हुई, जबकि 10 स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। कोरापुट जिले के सिमिलिगुडा में 230 मिलीमीटर की अत्यधिक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, कंधमाल, बौध, सुबरनपुर, बरगढ़, बलांगीर और नुआपाड़ा जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम प्रणाली के तट को पार कर अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ने के दौरान तटीय और आसपास के क्षेत्रों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार बढ़कर 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर को नबरंगपुर में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

25 सितंबर को मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, कालाहांडी और नुआपाड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

बारिश का सिलसिला 26 सितंबर को भी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण ओडिशा के पश्चिमी हिस्सों, खासकर कालाहांडी, बलांगीर, नुआपाड़ा और नबरंगपुर में बारिश होने का अनुमान है।

इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने डीप डिप्रेशन के कारण हो रही लगातार बारिश से निपटने की राज्य की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सरकार की ‘जीरो कैजुअल्टी’ नीति पर जोर देते हुए अधिकारियों से जान-माल की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने को कहा।

स्थिति से निपटने के लिए राज्यभर में ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की 33 टीमें और फायर सर्विस की 381 टीमें तैनात की गई हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags