Samachar Nama
×

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 15 हुई, छह पुलिसकर्मी भी शामिल

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई, छह पुलिसकर्मी भी शामिल
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 15 हुई, छह पुलिसकर्मी भी शामिल

इस्लामाबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में स्थित काबल पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। मृतकों में छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मोहम्मद ओमे ने बताया क‍ि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जिनमें छह पुलिसकर्मी हैं। इसके अलावा नौ आम नागरिक घायल हुए हैं। 25 गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल में चल रहा है।

मलाकंद के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) सैयद फिदा हुसैन के अनुसार, पुलिस स्टेशन के आसपास पुलिस लाइन और अन्य संवेदनशील सरकारी इमारतें भी मौजूद हैं।

हुसैन ने कहा क‍ि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, धमाके में चार पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो आम नागरिक भी घायल हुए हैं। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस स्टेशन के पास स्थित काबल चौक में सैकड़ों लोग एक सार्वजनिक प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे थे।

घायलों को पास के सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल भेजा गया। वहीं, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

इस सप्ताह की शुरुआत में भी खैबर पख्तूनख्वा के हंगू जिले में स्थित खजीना बांदा चेकपोस्ट पर सशस्त्र हमलावरों ने हमला किया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हमले में कम से कम नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और 28 अन्य घायल हुए थे।

पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) जुल्फिकार हमीद की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस हमले के पीछे 'फितना अल खवारिज' का हाथ था। यह शब्द पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकियों के लिए इस्तेमाल करती है।

हमीद ने बताया कि पुलिस ने हमले का जवाब दिया और अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस और हमलावरों के बीच हुई गोलीबारी में एक डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) समेत नौ पुलिसकर्मी मारे गए, जबकि 28 अन्य घायल हो गए।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags