Samachar Nama
×

डालमिया भारत को दूसरी तिमाही में 205 करोड़ रुपए का घाटा; आय 3,500 करोड़ रुपए के पार

डालमिया भारत को दूसरी तिमाही में 205 करोड़ रुपए का घाटा; आय 3,500 करोड़ रुपए के पार
डालमिया भारत को दूसरी तिमाही में 205 करोड़ रुपए का घाटा; आय 3,500 करोड़ रुपए के पार

मुंबई, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। डालमिया भारत लिमिटेड ने सोमवार को बताया कि सितंबर 2026 में समाप्त चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में उसे 205 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 239 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।

कंपनी को यह घाटा मुख्य रूप से परिसंपत्तियों के मूल्य में गिरावट और कर्मचारियों के लिए पृथक्करण योजना से जुड़े एकमुश्त असाधारण खर्च के कारण हुआ।

घाटे के बावजूद सीमेंट निर्माता कंपनी के राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई। समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 4.3 प्रतिशत बढ़कर 3,563 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,417 करोड़ रुपए था।

हालांकि, कंपनी के परिचालन प्रदर्शन पर दबाव बना रहा। ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर 29.2 प्रतिशत घटकर 493 करोड़ रुपए रह गई, जो एक साल पहले 696 करोड़ रुपए थी।

इसके परिणामस्वरूप, कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 20.37 प्रतिशत से घटकर 13.84 प्रतिशत रह गया।

कंपनी की ओर से नियामकीय जानकारी में बताया गया कि डालमिया भारत ने कुछ परिसंपत्तियों के वसूली योग्य आर्थिक मूल्य का दोबारा आकलन करने के बाद समीक्षाधीन तिमाही में 282 करोड़ रुपए का मूल्यह्रास घाटा दर्ज किया।

यह घाटा मुख्य रूप से कंपनी के तीन कैप्टिव पावर प्लांट से संबंधित था। यह कम लागत वाले नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में कंपनी के बदलाव को दर्शाता है। इस खर्च में बंद किए जा चुके एक ब्रांड के मूल्य में गिरावट भी शामिल थी।

इसके अलावा, कंपनी ने कुछ चुनिंदा इकाइयों में पात्र कर्मचारियों के लिए पृथक्करण योजना लागू की, जिसके कारण तिमाही के दौरान 57 करोड़ रुपए का एकमुश्त खर्च हुआ।

इन दोनों कारकों के चलते सितंबर तिमाही में कुल 339 करोड़ रुपए का एकमुश्त असाधारण खर्च दर्ज किया गया, जिससे कंपनी के मुनाफे पर काफी दबाव पड़ा।

हालांकि, कंपनी के निदेशक मंडल ने 2 रुपए अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 4 रुपए के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी। यह शेयर के अंकित मूल्य का 200 प्रतिशत है। यह निर्णय 26 अक्टूबर को हुई निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags