आंध्र तट के करीब पहुंचा चक्रवात अर्नब, 150 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश और यनम तट पर दस्तक देना शुरू कर दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, लैंडफॉल के दौरान अधिकतम हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि तेज झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
आईएमडी के अनुसार तूफान के शुरू में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की उम्मीद है।
पिछले 3 घंटों में यह 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। बुधवार सुबह 2:30 बजे यह सिस्टम आंध्र प्रदेश तट के करीब, 16.4 डिग्री उत्तर अक्षांश और 82.0 डिग्री पूर्व देशांतर के पास केंद्रित था।
इस समय यह नरसापुर (आंध्र प्रदेश) से करीब 30 किमी पूर्व में, यनम (पुडुचेरी) से 45 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 70 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 90 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 170 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में था।
इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और अगले 3 घंटों में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण के पास, बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 125-135 किमी प्रति घंटा होगी और झोंके 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का लैंडफॉल शुरू हो चुका है और इसके उत्तरी हिस्से में मौजूद घुमावदार घने बादल अंदरूनी जमीनी भागों में प्रवेश कर चुके हैं। तूफान का केंद्र इस समय तट रेखा के बेहद करीब है, जिसके कारण अगले 3 घंटों तक लैंडफॉल की यह प्रक्रिया जारी रहेगी। मछलीपट्टनम में स्थित डॉपलर वेदर रडार से लगातार नजर रखी जा रही है।
28 अक्टूबर को सुबह 4:30 बजे तक दर्ज की गई कुल बारिश की बात करें, तो गोपालपुर में 94.0 मिमी, पुरी में 67 मिमी, भुवनेश्वर में 38 मिमी और चांदबाली में 22.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
आईएमडी ने आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि चक्रवात का असर कई पड़ोसी राज्यों तक फैल सकता है।
28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। उत्तर ओडिशा में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्टूबर को आंतरिक ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
आईएमडी ने 28 अक्टूबर को पूर्वी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान भी लगाया है। झारखंड में 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 29 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने सलाह दी है कि चक्रवात के तट के करीब पहुंचने और इसका असर आंध्र प्रदेश और पड़ोसी राज्यों में फैलने के साथ बदलती मौसम प्रणाली पर कड़ी नजर रखी जाए।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

