Samachar Nama
×

सोने में मिलावट का हाई-टेक खेल, सीटीआई ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सोने में मिलावट का हाई-टेक खेल, सीटीआई ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सोने में मिलावट का हाई-टेक खेल, सीटीआई ने की सख्त कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने शनिवार को सोने में मिलावट के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों पर चिंता जताई। संगठन ने चेतावनी दी है कि इससे ग्राहकों का भरोसा डगमगा सकता है और शादी के इस सीजन में आभूषण व्यापारियों के बीच घबराहट पैदा हो सकती है।

व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया रिपोर्ट्स के बाद अचानक ज्वैलरी इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। उन्होंने कहा कि शादियों के इस पीक सीजन में ज्वैलरी कारोबारियों को डर सता रहा है कि कहीं सोने और गहनों की सेल में गिरावट न आ जाए। बृजेश गोयल ने कहा कि सीटीआई से सैकड़ों व्यापारियों ने अपनी चिंता जताई है।

बृजेश गोयल ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें चीन से आ रहे 'रेनियम पाउडर' के अलावा रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं को मिलाया जा रहा है। इन धातुओं का घनत्व सोने के बराबर या उससे अधिक होता है, इसलिए पुरानी जांच मशीनें इस मिलावट को पकड़ नहीं पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयोग में सामने आया है कि 22 कैरेट बताकर बेचे जा रहे गहने में असली सोने की मात्रा मात्र 81.73 प्रतिशत यानी करीब 20 कैरेट के बराबर थी, जबकि 22 कैरेट में कम से कम 91.6 प्रतिशत शुद्ध सोना होना चाहिए। इसके बावजूद वह गहना हॉलमार्किंग जांच में पास हो गया, यह बेहद गंभीर बात है।

बृजेश गोयल ने कहा कि शादी सीजन में देशभर में 52 लाख शादियों से 6 लाख करोड़ रुपए के व्यापार का अनुमान है, जिसमें ज्वैलरी का बड़ा हिस्सा है। ऐसे समय में इस तरह की मिलावट से ईमानदार व्यापारियों की साख पर भी सवाल उठता है और ग्राहकों का भरोसा टूटता है।

सीटीआई ने मांग की कि रेनियम पाउडर पर बैन लगाया जाना चाहिए और इंपोर्टर की लिस्ट सार्वजनिक हो। उन्होंने यह भी मांग की कि मिलावट करने वाले ज्वैलर का लाइसेंस रद्द हो और नाम बीआईएस की वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाएं।

बृजेश गोयल ने कहा कि एक बेईमान ज्वैलर की वजह से 100 ईमानदार ज्वैलर बदनाम होते हैं। उन्होंने ज्वैलरी कारोबारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकान का सोना दोबारा लैब से जांच कराएं और रिपोर्ट दुकान में लगाएं। हर गहने के साथ 'शुद्धता कार्ड' दें और पुरानी एक्सआरएफ मशीन को अपग्रेड करके रेनियम पकड़ने वाली नई तकनीक लगाएं।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags