Samachar Nama
×

केरल विधानसभा चुनाव: सीपीआई (एम) ने शुरू की उम्मीदवारों की लंबी सूची तैयार करने की प्रक्रिया

तिरुवनंतपुरम, 21 फरवरी (आईएएनएस)। केरल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को पार्टी ने अपनी 17 सदस्यीय राज्य सचिवालय की बैठक शुरू कर दी है।
केरल विधानसभा चुनाव: सीपीआई (एम) ने शुरू की उम्मीदवारों की लंबी सूची तैयार करने की प्रक्रिया

तिरुवनंतपुरम, 21 फरवरी (आईएएनएस)। केरल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को पार्टी ने अपनी 17 सदस्यीय राज्य सचिवालय की बैठक शुरू कर दी है।

इस बैठक में संभावित उम्मीदवारों की पहली सूची पर निर्णय लिया जा सकता है। सीपीआई (एम) की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत पार्टी की आंतरिक चयन प्रक्रिया का पहला चरण माना जा रहा है।

पार्टी के अनुसार, सचिवालय पहले यह तय करेगा कि उसके अपने सदस्यों में से कौन चुनाव लड़ेगा। इसका निर्णय हो जाने के बाद प्रस्तावित नामों को अनुमोदन के लिए संबंधित जिला समितियों को भेजा जाएगा। जिला स्तर पर मंजूरी मिलने के बाद सूची को अंतिम रूप देने के लिए राज्य नेतृत्व को वापस भेजा जाएगा।

सचिवालय में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और पांच राज्य मंत्री जिसमें पी.ए. मोहम्मद रियास, साजी चेरियन, के. एन. बालागोपाल, पी. राजीव और वी. एन. वासवन शामिल हैं। अन्य प्रमुख सदस्यों में राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा और वाम लोकतांत्रिक मोर्चे के संयोजक टी. पी. रामकृष्णन शामिल हैं।

ये सभी वर्तमान विधायक हैं। वरिष्ठ नेता थॉमस इसहाक, ई पी जयराजन, एम वी जयराजन, एम स्वराज, के के जयचंद्रन, पुथेलेथु दिनेश, पी के बीजू और सी एन मोहनन भी इस पैनल का हिस्सा हैं। इसके अलावा केंद्रीय समिति के सदस्य सी. एस. सुजाता, के. एस. सलीखा और पी. साथी देवी के नाम पर भी विचार किए जाने की संभावना है। अब देखना यह है कि पी. के. श्रीमाथी और एलमराम करीम जैसे दिग्गज नेताओं को भी इस पैनल में जगह मिलेगी या नहीं।

सीपीआई (एम) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, लेकिन दिसंबर में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में मिली करारी हार के बाद नेतृत्व सतर्कता बरत रहा है। इन चुनावों में पार्टी ने अपने कई पारंपरिक गढ़ों में अपनी पकड़ खो दी थी।

पार्टी वर्तमान में राज्य के छह निगमों में से केवल एक पर ही शासन कर रही है, जो 2020 के स्थानीय निकाय चुनावों के बाद उसके नियंत्रण वाले पांच निगमों की तुलना में एक बड़ी गिरावट है। 2021 के विधानसभा चुनावों में, 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में सीपीआई (एम) ने 75 सीटों पर चुनाव लड़ा और 62 सीटें जीती थीं।

--आईएएनएस

सत्यम दुबे/वीसी

Share this story

Tags