Samachar Nama
×

तमिलनाडु चुनाव: सीट बंटवारे को लेकर मामला गंभीर, डीएमके से छह सीटों की मांग पर अड़ी सीपीआई

चेन्नई, 17 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए डीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मामला गंभीर होता जा रहा है। सीपीआई किसी भी परिस्थिति में कम सीटों पर मानने को राजी नहीं दिख रही है। सीपीआई 2021 के चुनाव में मिली सीटों की संख्या के बराबर छह से कम सीटों पर मानने को राजी नहीं दिख रही है। सीपीआई ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में ये फैसला लिया है।

इस बैठक में डीएमके नेतृत्व के साथ चल रही चर्चाओं की समीक्षा की गई और गठबंधन सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बारे में विचार विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों का विश्लेषण किया और दोहराया कि सीपीआई की छह सीटों की मांग उचित और गठबंधन में उसकी पिछली भागीदारी के जैसा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से पार्टी ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

सीपीआई नेतृत्व का मानना ​​है कि अपनी पिछली सीटों की संख्या बनाए रखना न केवल संगठनात्मक मजबूती के लिए बल्कि गठबंधन के भीतर संतुलन बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है। नेताओं ने चिंता जाहिर की कि पार्टी को आवंटित सीटों की संख्या कम करने का कोई भी प्रयास गठबंधन के आंतरिक सामंजस्य को प्रभावित कर सकता है और कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच असंतोष पैदा कर सकता है।

सीपीआई के राज्य सचिव एम. वीरपांडियन और सीपीआई(एम) के राज्य सचिव पी. शनमुगम के बीच भी समानांतर बातचीत चल रही है। क्योंकि वामपंथी दल डीएमके के साथ बातचीत में एकजुट रुख अपनाना चाहते हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब डीएमके चुनाव से पहले गठबंधन में नए सहयोगियों को शामिल करना चाहती है। इससे बातचीत में और भी कठिनाई आ गई है। मौजूदा सहयोगी दल ऐसे किसी भी कदम को लेकर सतर्क हैं जिससे उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है।

विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही, सीटों का बंटवारा डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में अब देखना है कि डीएमके सहयोगियों की मांगों को मानता है या नहीं, यह अंतिम चुनावी रणनीति तय करने और गठबंधन में एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story

Tags