पबित्रा मार्गेरिटा ने कोस्टा रिका में 'वसुधैव कुटुंबकम' वॉल का उद्घाटन किया
सैन जोस, 10 मई (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने रविवार को कोस्टा रिका के सैन जोस स्थित 'यूनिवर्सिटी ऑफ पीस' में 'वसुधैव कुटुंबकम' वॉल का उद्घाटन किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि 'वसुधैव कुटुंबकम' यानी 'दुनिया एक परिवार है' भारत की प्राचीन सोच है, जो पूरी दुनिया के साथ भारत के रिश्तों को दिशा देती है और भाईचारे का संदेश देती है।
मंत्री ने विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बापू सिर्फ भारत के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के हैं। उनका शांति और अहिंसा का संदेश आज भी दुनिया के हर कोने में गूंजता है।
इसके अलावा, उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत कोस्टा रिका में एक पौधा भी लगाया। इस पर उन्होंने कहा कि आज सैन जोस में लगाया गया यह पौधा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस प्रेरणादायक पहल का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पौधा भारत और कोस्टा रिका की दोस्ती की तरह मजबूत और लंबा जीवन पाएगा। भारत एक हरित और टिकाऊ भविष्य के लिए लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने शनिवार को एक वैश्विक भारतीय आईटी डीप टेक कंपनी फ्यूजी के नए ऑफिस सेंटर का भी उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कोस्टा रिका की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति लॉरा फर्नांडीज के शपथ ग्रहण समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने भारत की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि उन्हें इस समारोह में शामिल होकर खुशी हुई और उन्होंने भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और जनता की तरफ से कोस्टा रिका की सरकार और राष्ट्रपति को बधाई दी।
भारत और कोस्टा रिका के बीच अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, जो व्यापार और सहयोग के कारण और मजबूत हो रहे हैं।
मार्गेरिटा 8 से 15 मई तक कोस्टा रिका, होंडुरास, बेलीज और कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

