कोस्टा रिका में पबित्रा मार्गेरिटा की मंत्रियों के साथ की बैठक, देशों के आपसी सहयोग मजबूत करने पर हुई चर्चा
सैन जोस, 11 मई (आईएएनएस)। भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सोमवार को कोस्टा रिका की विज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और दूरसंचार मंत्री पाउला बोगेंटेस जमोरा के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
बैठक के बाद मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “कोस्टा रिका की विज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और दूरसंचार मंत्री पाउला बोगेंटेस जमोरा से मुलाकात की। भारत और कोस्टा रिका के बीच संबंधों को और गहरा करने के कई तरीकों पर चर्चा हुई। इसमें कोस्टा रिका में भारतीय कंपनियों को सहयोग देना, क्षमता निर्माण और क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स शामिल थे। इन बातचीतों से साफ दिखा कि दोनों देश अपने रिश्तों को मजबूत और सार्थक बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
मार्गेरिटा ने कोस्टा रिका में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, “कोस्टा रिका में हमारे मजबूत भारतीय परिवार के साथ एक बहुत ही गर्मजोशी भरी शाम बिताई। मैंने यहां राजनयिकों, बिजनेस कम्युनिटी, मीडिया और आईटीईसी पूर्व छात्रों से मुलाकात की। भारतीय प्रवासी समुदाय दुनिया भर में भारत के मूल्यों, प्रतिभा और सद्भावना का शानदार प्रतीक बना हुआ है।”
इससे पहले, भारतीय मंत्री ने कोस्टा रिका के विदेश मंत्री मैनुअल तोवार से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की। मार्गेरिटा ने कहा कि भारत और कोस्टा रिका लोकतंत्र, बहुपक्षवाद और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था जैसे साझा मूल्यों में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, “कोस्टा रिका के विदेश मंत्री मैनुअल टोवर के साथ मेरी पहली आधिकारिक मुलाकात हुई। यह जानकर खुशी हुई कि यह उनके विदेश मंत्री बनने के बाद की पहली आधिकारिक बैठक थी।”
उन्होंने लिखा, “भारत और कोस्टा रिका के बीच सहयोग को मजबूत करने पर उपयोगी चर्चा हुई। दोनों देश लोकतंत्र, बहुपक्षवाद और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने में समान सोच रखते हैं।”
रविवार को मार्गेरिटा ने सैन होसे स्थित यूनिवर्सिटी फॉर पीस में ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ वॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत की यह प्राचीन सोच “पूरा विश्व एक परिवार है” आज भी दुनिया के साथ भारत के संबंधों को दिशा देती है।
उन्होंने 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “कोस्टा रिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पीस में ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ वॉल का उद्घाटन करना गर्व की बात है। ‘विश्व एक परिवार है’ भारत की प्राचीन सोच है, जो आज भी दुनिया के साथ हमारे रिश्तों को मार्गदर्शन देती है।”
मंत्री ने विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी को भी श्रद्धांजलि दी और उनके शांति और अहिंसा के संदेश की सराहना की। उन्होंने कहा कि बापू सिर्फ भारत के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के हैं। उनका शांति और अहिंसा का संदेश दुनिया के हर कोने में गूंजता है।
इसके अलावा, उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा भी लगाया, जिससे भारत के पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक जिम्मेदारी के संदेश को आगे बढ़ाया गया।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

