अगले शैक्षणिक सत्र से कर्नाटक के सभी स्कूलों में पढ़ाया जाएगा संविधान, डीके शिवकुमार ने की घोषणा
मैसूरु, 26 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के पाठ्यक्रम में संविधान से जुड़े पाठ शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों से परिचित कराना जरूरी है।
मैसूरु के महाराजा कॉलेज ग्राउंड में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय के अधिकारों, गरिमा, स्वतंत्रता और समानता की रक्षा करने वाला कवच है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को संविधान के विचारों और मूल्यों को सीखना चाहिए। विद्यार्थियों को केवल संविधान पढ़ना ही नहीं, बल्कि उसके सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए विधानसभा क्षेत्रों में युवा संसद भी स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में प्रत्येक नागरिक के वोट का समान महत्व है, चाहे वह प्रधानमंत्री का वोट हो या किसी सामान्य नागरिक का, अमीर का हो या गरीब का। हालांकि, उन्होंने पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और दलितों के मतदाता सूची से नाम हटाने की कथित कोशिशों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की जरूरत है और सभी को अपने मतदान अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के जरिए लोकतंत्र पर किए जा रहे हमलों पर देश नजर रख रहा है। व्यक्तिगत पूजा से ज्यादा लोकतंत्र की रक्षा महत्वपूर्ण है। यदि संविधान सुरक्षित रहेगा, तो देश की एकता, अखंडता और शांति भी सुरक्षित रहेगी।
शिवकुमार ने संविधान निर्माण में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के मार्गदर्शन में संविधान तैयार करने की जिम्मेदारी आंबेडकर को सौंपी गई थी। उन्होंने संविधान को भारत की राष्ट्रीय पुस्तक बताते हुए कहा कि जिस तरह किसी घर के निर्माण के लिए नक्शा आधार होता है, उसी तरह संविधान राष्ट्र की नींव है।
उन्होंने कहा कि समय के साथ संविधान में बदलाव हो सकते हैं, लेकिन न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे इसके मूल्यों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार नहीं देता, बल्कि आम नागरिकों को भी सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछने का अधिकार देता है। यदि किसी को न्याय नहीं मिलता है, तो वह अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है। संविधान सभी के लिए एक कानून और समान न्याय की व्यवस्था सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि वह जनता के सामने एक किसान के बेटे और पिछले 40 वर्षों से लोगों के लिए काम करने वाले जनसेवक के रूप में खड़े हैं। संविधान ने उन्हें ताकत और प्रेरणा दी है।
शिवकुमार ने कहा कि संविधान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को समान अवसर और न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली 2013 से 2018 की सरकार के फैसले का उल्लेख किया, जिसमें अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए उनकी आबादी के अनुपात में बजट आवंटित करने का निर्णय लिया गया था।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संविधान की प्रस्तावना में 'समाजवादी' और 'धर्मनिरपेक्ष' शब्द जोड़े जाने को चुनौती देने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने का भी उल्लेख किया।
शिवकुमार ने बराक ओबामा और नेल्सन मंडेला द्वारा भारतीय संविधान की प्रशंसा किए जाने का जिक्र किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक के 12 लोगों ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिनमें के.सी. रेड्डी, एस. निजलिंगप्पा और केंगल हनुमंतैया शामिल थे।
--आईएएनएस
डीएससी

