Samachar Nama
×

राजस्थान : सवाई माधोपुर में 70,000 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में कांस्टेबल गिरफ्तार

राजस्थान : सवाई माधोपुर में 70,000 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में कांस्टेबल गिरफ्तार
राजस्थान : सवाई माधोपुर में 70,000 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में कांस्टेबल गिरफ्तार

जयपुर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, एसीबी की सवाई माधोपुर यूनिट ने सोमवार को सवाई माधोपुर रेलवे पुलिस स्टेशन के तहत लखेरी रेलवे पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल मोहम्मद नदीम कुरैशी को एक शिकायतकर्ता से 70,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी के डायरेक्टर जनरल गोविंद गुप्ता ने बताया कि यूनिट को एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोपी कांस्टेबल पर परेशान करने और 1,00,000 रुपए की मांग करने का आरोप लगाया गया था।

आरोप है कि कुरैशी शिकायतकर्ता को रेलवे का सामान चोरी करने के मामले में फंसाने की धमकी देकर दबाव बना रहा था।

शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने का अनुरोध किया। रिश्वत की मांग की गोपनीय जांच 25 अगस्त को हुई। जांच के दौरान, आरोप है कि कुरैशी ने शिकायतकर्ता को न फंसाने के बदले पैसे की मांग की। बातचीत के बाद, वह 70,000 रुपए लेने को तैयार हो गया।

वहीं, सोमवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और कहा कि वह रिश्वत लेने उसके घर आएगा। इस जानकारी के आधार पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और पैसे लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत के पैसे बरामद कर लिए गए।

यह ऑपरेशन एसीबी सवाई माधोपुर के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस रामेश्वर परिहार और उनकी टीम ने एसीबी भरतपुर रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस, ओमप्रकाश मीणा की देखरेख में चलाया।

एसीबी की एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस, स्मिता श्रीवास्तव और एसीबी के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस, एस. परिमला की देखरेख में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

एसीबी ने चेतावनी दी कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ औपचारिक शिकायत, प्रारंभिक जांच या कोई अन्य कार्रवाई दर्ज की जाती है, तो संबंधित व्यक्ति अपना पक्ष रखने या स्पष्टीकरण देने के लिए सीधे ब्यूरो से संपर्क कर सकता है।

अपनी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के तहत, एसीबी आगे की जांच या कार्रवाई का फैसला करने से पहले किसी भी स्पष्टीकरण पर विचार करती है। ब्यूरो ने जनता से यह भी अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में योगदान दें और इसके 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर संपर्क करें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags