उपचुनावों पर कर्नाटक के गृह मंत्री का दावा, 'कांग्रेस दोनों सीटें जीतेगी'
बेंगलुरु, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि कांग्रेस पार्टी राज्य की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी की जीत को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह नहीं होनी चाहिए।
बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए जी परमेश्वर ने कहा कि दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट में मतदाताओं की संख्या कम रहने की खबरों के बावजूद पार्टी को दोनों सीटों पर जीत का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि आम चुनावों और उपचुनावों में मतदान का पैटर्न अलग-अलग होता है और नतीजे कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे।
कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण के मतदान केंद्रों पर 68 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हुई।
निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बागलकोट में 68.65 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि दावणगेरे दक्षिण में 68.43 प्रतिशत वोट पड़े।
दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने समर्थ मल्लिकार्जुन को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को अपना उम्मीदवार बनाया है। अफसर कोडापे सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। बागलकोट में उमेश मेती कांग्रेस की ओर से भाजपा के वीरन्ना चारंतिमठ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
जी परमेश्वर ने कहा कि आंतरिक आरक्षण के मुद्दे पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ही लेंगे। इस मुद्दे पर नियमित कैबिनेट बैठक या विशेष कैबिनेट सत्र में चर्चा की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम फैसले से पहले मुख्यमंत्री से यह सुनिश्चित करने की अपील की जाएगी कि किसी भी समुदाय के साथ कोई अन्याय न हो।
'जॉम्बी ड्रग्स' के बारे में फैल रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री ने इन दावों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति की बात हो रही है, वह एक लॉरी ड्राइवर है जो काम की तलाश में हरियाणा या पंजाब जैसे उत्तरी राज्यों से यहां आया था। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने किसी बीमारी की दवा के साथ शराब का सेवन कर लिया था, जिसके कारण उसका व्यवहार असामान्य हो गया था।
परमेश्वर ने स्पष्ट किया कि इस घटना के संबंध में कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने उन्हें इस मामले की जानकारी दी है और इस बात की पुष्टि की है कि किसी भी 'जॉम्बी ड्रग्स' के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर ये दावे फैलाए थे, उससे पूछताछ की गई है और उसने जान-बूझकर यह जानकारी पोस्ट करने की बात स्वीकार की है।
एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के मामले पर राज्य के गृह मंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग समस्या को सुलझाने में लगा हुआ है और राज्य सरकार ने आपूर्ति के आवंटन के संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थिति में जल्द सुधार होगा। संभावित युद्धविराम और खाड़ी क्षेत्र से जहाजों की आवाजाही जैसी घटनाओं से भारत में आपूर्ति बहाल करने और कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है।
--आईएएनएस
एसके/एबीएम

