Samachar Nama
×

केरल के मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने के आरोप में डीसीसी सदस्य को हिरासत में लिया गया

केरल के मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने के आरोप में डीसीसी सदस्य को हिरासत में लिया गया
केरल के मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने के आरोप में डीसीसी सदस्य को हिरासत में लिया गया

तिरुवनंतपुरम, 29 अगस्त (आईएएनएस)। चेंथी में शुक्रवार रात 'चथया दिवस' समारोह के दौरान मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की गाड़ी रोकने के आरोप में पुलिस ने जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के सदस्य और इलाके के जाने-माने नेता चेंथी अनिल को हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सतीशन के साथ गलत व्यवहार करने के कारण चेंथी अनिल को पार्टी से सस्पेंड करने का फैसला किया।

श्रीकार्यम पुलिस ने चेंथी अनिल को हिरासत में ले लिया है और शुरुआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जल्द ही स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

इस घटनाक्रम से राजधानी में कांग्रेस के भीतर राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है। चेंथी अनिल का आरोप है कि पुलिस की यह कार्रवाई पार्टी के अंदर गुटीय लड़ाई का नतीजा है।

हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले चेंथी अनिल ने कहा कि आयोजकों ने मुख्यमंत्री को 'चथया दिवस' समारोह के लिए आमंत्रित किया था और उनकी गाड़ी को रोकने का फैसला इसलिए लिया गया, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह मामला एक ऐसी घटना से जुड़ा है, जिसमें मुख्यमंत्री की गाड़ी को तब रोका गया जब वह पास के चेंपाझंथी में एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। पुलिस का आरोप है कि चेंथी अनिल के नेतृत्व वाले एक समूह ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया और उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ गलत व्यवहार किया।

खबरों के मुताबिक, गाड़ी रोके जाने के बाद मुख्यमंत्री गाड़ी से बाहर तो निकले, लेकिन 'चथाया दिवस' कार्यक्रम का उद्घाटन किए बिना ही चले गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने दखल दिया और प्रदर्शनकारियों को हटाकर काफिले के लिए रास्ता बनाया।

बाद में पुलिस ने मौके पर मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। आरोपों में मुख्यमंत्री को उनके आधिकारिक कर्तव्यों के पालन में बाधा डालना, गलत तरीके से रोकना, अपमानजनक व्यवहार और ट्रैफिक में बाधा डालना शामिल है।

माना जाता है कि घटना के बाद तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस कमिश्नर ने दखल दिया और पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि चेंथी कार्यक्रम मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था।

पूर्व नगर पार्षद के पति और श्रीकार्यम-चेंथी इलाके में कांग्रेस के एक प्रमुख नेता चेंथी अनिल सामुदायिक संगठनों में भी सक्रिय रहे हैं और स्थानीय एसएनडीपी यूनियन के पदाधिकारी हैं। आयोजकों का आरोप है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में शामिल न होना इलाके और समारोह का अपमान था। इस घटना और उसके बाद चेंथी अनिल की हिरासत से तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस के भीतर तनाव और बढ़ने की संभावना है।

--आईएएनएस

ओपी/डीएससी

Share this story

Tags