Samachar Nama
×

पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है दिल्ली सरकार: सीएम रेखा गुप्ता

पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है दिल्ली सरकार: सीएम रेखा गुप्ता
पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है दिल्ली सरकार: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना एक दिन का अवकाश लिए लगातार राष्ट्रसेवा करते हुए वैश्विक स्तर पर भारत की नई और मजबूत पहचान स्थापित की है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के पीतमपुरा, शकूरबस्ती के वेस्ट एन्क्लेव और मुस्तफाबाद के महालक्ष्मी विहार में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में भाग लिया।

पीतमपुरा में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को भी सुना।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने डिजिटल इंडिया, आधुनिक आधारभूत संरचना, रेलवे, एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, रक्षा उत्पादन, पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) जैसे अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' आज देश के विकास की आधारशिला बन चुका है और दिल्ली सरकार भी इसी सेवा भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री के 'कैच द रेन' जल संरक्षण अभियान, 'वोकल फॉर लोकल' और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राजधानी के विकास का खाका प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद से दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्यों में तेजी लाई गई है।

उन्होंने कहा कि सड़कों, सीवर व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, स्कूलों और अस्पतालों के विकास कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से वर्षों से लंबित परियोजनाओं को भी अब तेजी से पूरा किया जा रहा है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags