गन्ना मूल्य विवाद पर एक्शन में सीएम शिवकुमार, किसानों और मिल मालिकों संग करेंगे बैठक
बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों और चीनी कारखाना मालिकों से अलग-अलग बैठकें करेगी ताकि किसानों से संबंधित मुद्दों का समाधान किया जा सके। साथ ही, वे संबंधित केंद्रीय मंत्री से भी सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए बात करेंगे।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा उच्च स्तरीय समिति से उनकी मांगों का अध्ययन कराने के आश्वासन के बाद, उत्तरी कर्नाटक के गन्ना किसानों ने 19 अक्टूबर को अपनी सात दिवसीय पदयात्रा और विरोध प्रदर्शन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया था।
इससे पहले, मुख्यमंत्री शिवकुमार बेंगलुरु से बेलगावी गए, जहां उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए दिल्ली में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का प्रस्ताव रखा है।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने प्रतिनिधियों से इस मामले पर चर्चा की है और किसानों, कारखाना मालिकों और जन प्रतिनिधियों के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए बैठक के लिए आपसी सहमति से सुविधाजनक तिथि तय करने पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें इस मुद्दे को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से हल करना होगा, क्योंकि यह लोगों की आजीविका से जुड़ा है। किसान गन्ने की खेती करेंगे तो कारखाने चल सकेंगे। चीनी कारखानों के सफल संचालन से ही किसानों को अपनी उपज का अच्छा दाम मिल सकेगा। हमें मिलकर काम करना होगा और मैं किसी पर बोझ नहीं डालना चाहता। यह हम सबकी जिम्मेदारी है और हमें मिलकर इसका सामना करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चीनी कारखाने के मालिकों से बात की है और उपयुक्त तिथि तय करने के लिए किसानों से भी परामर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में कन्नड़ राज्योत्सव समारोह और संबंधित व्यक्तियों की उपलब्धता का ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के मंत्रियों, संबंधित विभागों के प्रमुखों, इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसदों और विधायकों को भी चर्चा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
सूखा राहत के संबंध में दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक के बारे में पूछे जाने पर, शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने समय मांगा है, लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं मिली है।
सोमवार रात कांग्रेस विधायकों और एमएलसी के साथ हुई बैठक के बारे में शिवकुमार ने कहा कि चर्चा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों से संबंधित थी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियां 27 अक्टूबर को उपलब्ध होने की उम्मीद है और अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार चुनावों की तैयारी करनी होगी।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार स्थानीय निकाय चुनाव होने ही हैं। हमें आवश्यक तैयारियां करनी होंगी। बेंगलुरु में सरकार को तैयार रहना होगा, क्योंकि चुनाव आयोग किसी भी समय चुनाव की घोषणा कर सकता है।
शिवकुमार ने कहा कि पंचायतों और नगरपालिकाओं के चुनाव दो से तीन दिनों के भीतर पूरे होने की उम्मीद है, और उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
--आईएएनएस
एमएस/

