Samachar Nama
×

कर्नाटक की शान है मैसूरु दशहरा, सीएम शिवकुमार ने लोगों को दिया समारोह में शामिल होने का न्योता

कर्नाटक की शान है मैसूरु दशहरा, सीएम शिवकुमार ने लोगों को दिया समारोह में शामिल होने का न्योता
कर्नाटक की शान है मैसूरु दशहरा, सीएम शिवकुमार ने लोगों को दिया समारोह में शामिल होने का न्योता

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को लोगों से ऐतिहासिक मैसूरु दशहरा समारोह में शामिल होने की अपील की। उन्होंने इस राज्य उत्सव को कर्नाटक के गौरव, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक बताया।

कर्नाटक सरकार 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक मैसूरु दशहरा मना रही है। मैसूरु पैलेस में आयुध पूजा की रस्में शुरू हो गई हैं, जिसमें शाही परिवार के सदस्य भी शामिल हो रहे हैं।

समारोह के प्रमुख आकर्षण जंबू सवारी यानी भव्य हाथी जुलूस और देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने का कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम शाम 4.10 बजे से 4.35 बजे के बीच होगा। इसके बाद अंबा विलास पैलेस से बन्नीमंटप मैदान तक जुलूस निकाला जाएगा।

इस बार हाथी प्रशांत 750 किलोग्राम वजनी ठोस सोने के हौदे को लेकर चलेगा। वह सेवानिवृत्त हो चुके अनुभवी हाथी अभिमन्यु की जगह यह जिम्मेदारी निभाएगा।

11 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान शाही महल और मैसूरु के प्रमुख इलाकों को हर रात रोशनी से सजाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि दशहरा समाप्त होने के बाद रोशनी की व्यवस्था को अगले 11 दिनों तक बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा।

एक मिनट के वीडियो संदेश में शिवकुमार ने कहा कि मैसूरु दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि कर्नाटक की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक पहचान और भव्यता का प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा, "मैसूरु दशहरा सिर्फ एक त्योहार नहीं है। यह कर्नाटक का गौरव और हमारी विरासत का प्रतिबिंब है। यह हमारी संस्कृति और हमारी भूमि की भव्यता का उत्सव है। यहां कला, संगीत और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव किया जा सकता है।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से कई प्रमुख हस्तियां समारोह में शामिल होंगी। भारतीय सशस्त्र बलों के तीनों अंगों थल सेना, वायु सेना और नौसेना की भी उत्सव में भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी समारोह में शामिल होंगे।

शिवकुमार ने मैसूरु दशहरा को कर्नाटक की सांस्कृतिक समृद्धि और विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर बताते हुए कहा कि यह उत्सव प्रत्येक कन्नड़ भाषी व्यक्ति के लिए गर्व का विषय बन गया है।

उन्होंने कहा, "कर्नाटक सरकार और राज्य की जनता की ओर से मैं कन्नड़ भाषियों और पर्यटकों को हार्दिक निमंत्रण देता हूं। मैसूरु आएं और अपनी आंखों से दशहरा की भव्यता का अनुभव करें।"

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक अलग संदेश में भी मैसूरु दशहरा को राज्य का ऐसा उत्सव बताया, जो कर्नाटक की कला, संस्कृति, परंपराओं और वैभव का प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने लिखा, "विश्व प्रसिद्ध मैसूरु दशहरा समारोह की उलटी गिनती शुरू हो गई है। यह राज्य की कला, संस्कृति, परंपरा और वैभव का प्रतीक है। मां चामुंडेश्वरी के आशीर्वाद से मैसूरु शहर सज-धजकर तैयार है और राज्य के सभी लोगों को आमंत्रित कर रहा है।"

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story