सीएम भूपेंद्र पटेल सैन फ्रांसिस्को पहुंचे, 'वाइब्रेंट गुजरात 2027' से पहले निवेशकों से करेंगे मुलाकात
सैन फ्रांसिस्को, 17 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सोमवार को राज्य के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सैन फ्रांसिस्को पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने निवेश आकर्षित करने और 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027' में भागीदारी को मजबूत करने के मकसद से अपने विदेशी दौरे के अमेरिकी चरण की शुरुआत की।
सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर गुजराती समुदाय के नेताओं ने पटेल का स्वागत किया और भारतीय तिरंगे के साथ उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री सैन फ्रांसिस्को में गुजराती समुदाय के सदस्यों के साथ बैठक करके अपने अमेरिकी कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे।
यह यात्रा पटेल के 17-24 अगस्त के अमेरिका और कनाडा दौरे का हिस्सा है। इस दौरान वे राज्य को निवेश के केंद्र के तौर पर बढ़ावा देने और 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' में भागीदारी के लिए निवेशकों, इंडस्ट्री एसोसिएशन, उभरती टेक्नोलॉजी के लीडर्स और गुजराती समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगे।
कनाडा के टोरंटो जाने से पहले गुजरात का प्रतिनिधिमंडल सैन फ्रांसिस्को, वाशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस और आमने-सामने की बैठकें करेगा।
इन कार्यक्रमों में गुजरात के विकास और निवेश के मौकों को पेश करने और राज्य में ज्यादा विदेशी निवेश की संभावनाओं का पता लगाने पर ध्यान दिया जाएगा।
पटेल के साथ मुख्य सचिव एम.के. दास, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी. नटराजन, उद्योग और खान विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ममता वर्मा, प्रधान सचिव संजीव कुमार और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे भी हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में गुजरात के व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
उद्योग प्रतिनिधिमंडल में 22 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जिनमें मैन्युफैक्चरिंग, केमिकल, फार्मास्यूटिकल्स, एनर्जी और टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर के सीनियर बिजनेस लीडर शामिल हैं।
सीएम पटेल का अमेरिका दौरा अहम है क्योंकि बताया जा रहा है कि 25 से ज्यादा वर्षों में गुजरात के किसी मौजूदा मुख्यमंत्री का यह पहला आधिकारिक दौरा है। यह दौरा 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' के अगले एडिशन की राज्य की तैयारियों के सिलसिले में हो रहा है, जो जनवरी 2027 में आयोजित होने वाला है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

