Samachar Nama
×

'अनशन खत्म कीजिए, आंदोलन जारी रहेगा', सीजेपी ने सोनम वांगचुक से की भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील

'अनशन खत्म कीजिए, आंदोलन जारी रहेगा', सीजेपी ने सोनम वांगचुक से की भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील
'अनशन खत्म कीजिए, आंदोलन जारी रहेगा', सीजेपी ने सोनम वांगचुक से की भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट पेपर लीक मामले में परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से 25 दिनों से चल रही उनकी भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है। संगठन ने कहा कि वांगचुक का त्याग देशभर के छात्रों के लिए प्रेरणा बना है, लेकिन अब उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा अधिक महत्वपूर्ण है।

सीजेपी ने सोनम वांगचुक को लिखे पत्र में कहा कि उनका संघर्ष हजारों छात्रों को एकजुट करने में सफल रहा है। संगठन ने कहा कि 20 जुलाई को देश के विभिन्न राज्यों से युवा इस आंदोलन के समर्थन में पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में न्याय की मांग करने वाले लाखों छात्रों की है।

पत्र में कहा गया, "हम पूरे सम्मान और कृतज्ञता के साथ आपसे अनुरोध करते हैं कि कृपया अपना अनशन समाप्त करें। आपने देशभर के छात्रों को प्रेरित किया है। अब हमें आपकी सेहत का भी ध्यान रखना है।"

सीजेपी ने भरोसा दिलाया कि सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद भी आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में न्याय की मांग पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।

पत्र में कहा गया, "हम वादा करते हैं कि आपका अनशन समाप्त होने के साथ यह संघर्ष खत्म नहीं होगा। हमारी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और हम इसे आगे बढ़ाते रहेंगे।"

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की।

उन्होंने कहा, "आज सोनम सर के अनशन का 25वां दिन है। 25 दिनों तक भोजन न करने से उनकी जान को खतरा हो गया है। मैं नहीं चाहता कि उनके साथ कुछ भी गलत हो, इसलिए उनसे आग्रह करता हूं कि वे अपना अनशन समाप्त करें।"

दिपके ने यह भी कहा कि वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद भी आंदोलन रुकेगा नहीं। उन्होंने कहा, "मैं आश्वस्त करता हूं कि सोनम सर के अनशन समाप्त करने के बाद भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।"

अभिजीत दिपके ने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा जिससे आंदोलन या देश की छवि को नुकसान पहुंचे।

उन्होंने कहा, "जो लोग आपत्तिजनक नारे लगाते हैं या किसी को धमकी देते हैं, उनका इस आंदोलन में कोई स्थान नहीं है। हमारा आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए रास्ते पर चल रहा है।"

इस बीच सोनम वांगचुक ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर कहा है कि यदि केंद्र सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन देती है, तो वह अपना अनशन समाप्त करने को तैयार हैं। वांगचुक का यह पत्र 20 जुलाई को आयोजित 'चलो संसद' मार्च के संदर्भ में लिखा गया है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story