चीन में बेरोजगारी का संकट आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा गहरा: रिपोर्ट
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के श्रम बाजार में बेरोजगारी और अल्परोजगार की स्थिति आधिकारिक आंकड़ों में दिखाई देने वाली तस्वीर से कहीं अधिक गंभीर हो सकती है। एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में अस्थायी रोजगार और गिग वर्क (अस्थायी काम) पर निर्भरता बढ़ने से रोजगार की चुनौतियां गहरा रही हैं।
नेपाल आजा की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में सितंबर में शहरी बेरोजगारी की आधिकारिक दर 5.2 प्रतिशत दर्ज की गई थी। हालांकि, रिपोर्ट में इस आंकड़े को वास्तविक स्थिति का सही प्रतिबिंब नहीं बताया गया है। इसकी वजह आधिकारिक सर्वेक्षणों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली है, जिसके तहत सीमित अवधि के लिए भुगतान वाला काम करने वाले लोगों को भी रोजगार प्राप्त माना जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंघुआ विश्वविद्यालय के एक प्रमुख अर्थशास्त्री ने हतोत्साहित होकर नौकरी की तलाश छोड़ चुके लोगों को भी शामिल करते हुए व्यापक आकलन किया है। इसके आधार पर चीन की वास्तविक बेरोजगारी दर 10.2 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया है। इसमें करीब 2.4 करोड़ लोग लंबे समय से बेरोजगार हैं, जिनमें 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1.3 करोड़ युवा शामिल हैं।
अर्थशास्त्रियों ने बताया कि बड़ी संख्या में कर्मचारी स्थायी नौकरियां छोड़कर गिग इकोनॉमी से जुड़े कामों की ओर जा रहे हैं। इनमें राइड-हेलिंग, फूड डिलीवरी और वेयरहाउस से जुड़े काम शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे लोगों को तकनीकी रूप से रोजगार प्राप्त माना जा सकता है, लेकिन उनमें से कई की कमाई पहले की नौकरियों की तुलना में काफी कम हो गई है।
रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच बेरोजगारी भत्ता पाने वाले लोगों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई, जबकि आधिकारिक बेरोजगारी दर में अपेक्षाकृत स्थिरता बनी रही। इससे चीन के बेरोजगारी बीमा कोष पर दबाव बढ़ा है।
इसके अलावा, चीन में इस साल रिकॉर्ड 1.27 करोड़ विश्वविद्यालय स्नातकों के रोजगार बाजार में प्रवेश करने की उम्मीद है। इससे पेशेवर नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है। सितंबर 2026 में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं (छात्रों को छोड़कर) में बेरोजगारी दर 18 प्रतिशत रही। अगस्त में यह आंकड़ा 18.9 प्रतिशत था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि बड़ी संख्या में स्नातक बिना वेतन के ट्रायल पीरियड, भ्रामक नौकरी विज्ञापनों, ऐसी नौकरियों के लिए बार-बार इंटरव्यू जिनका अस्तित्व ही नहीं होता और उम्मीद से काफी कम वेतन मिलने की शिकायत कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, नौकरी जाने के डर से कर्मचारी अपने खर्चों में कटौती कर रहे हैं। इससे घरेलू मांग प्रभावित हो रही है, कारोबारी निवेश हतोत्साहित हो रहा है और कंपनियां नई भर्तियां करने से बच रही हैं। इस तरह बेरोजगारी और आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती एक-दूसरे को प्रभावित करते हुए एक दुष्चक्र बना रही हैं।
--आईएएनएस
डीएससी

