छत्तीसगढ़: बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, माओवादियों के अंडरग्राउंड डंप से 39.77 लाख कैश बरामद
रायपुर, 25 नवंबर (आईएएनएस)। सुरक्षा बलों ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ेपल्ली गांव के जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादियों के एक ठिकाने से 39.77 लाख रुपए नकद बरामद किए।
डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी), भैरमगढ़ पुलिस और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की एक संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। जमीन के नीचे दबाए गए एक स्टील के कंटेनर में 500 रुपए के नोटों के बंडल टेप से लपेटकर रखे गए थे।
मंगलवार को एक मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि बड़ेपल्ली के जंगली इलाके में कुछ संदिग्ध सामान छिपाकर रखा गया है, जिसके आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान का नेतृत्व बीजापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त एसपी (ऑपरेशंस) रवींद्र कुमार मीना और भैरमगढ़ के सब-डिविजनल ऑफिसर ऑफ पुलिस (एसडीओपी) नवीन कुमार एक्का ने किया।
गहन तलाशी के दौरान, बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम ने बारूदी सुरंगों की जांच और निरीक्षण करते हुए जमीन के नीचे दबा एक बोरा खोज निकाला, जिसमें स्टील का कंटेनर था। कंटेनर खोलने पर टीमों को टेप से कसकर लपेटे गए कई पैकेट मिले। जांच करने पर पता चला कि इन पैकेटों में कुल 39,77,000 रुपए नकद थे।
अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय माओवादी समूहों के वित्तीय नेटवर्क को तोड़ने के प्रयासों का हिस्सा है। जब्त की गई नकदी के संबंध में भैरमगढ़ पुलिस स्टेशन में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इससे पहले, सुरक्षा बलों ने इसी जिले में माओवादियों के एक और ठिकाने से 7,60,33,800 रुपए नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस तरह की बरामदगी से इलाके में सक्रिय वामपंथी चरमपंथियों की लॉजिस्टिक और वित्तीय क्षमताओं को बड़ा झटका लगा है।
इस ऑपरेशन को बहुत सावधानी से अंजाम दिया गया ताकि इसमें शामिल सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, क्योंकि ऐसे ठिकानों के पास अक्सर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और अन्य तरह के जाल बिछाए जाते हैं। अब इस बात की आगे जांच की जा रही है कि यह नकदी कहां से आई और इसे छिपाने के लिए कौन जिम्मेदार था।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

