Samachar Nama
×

केरल में सियासी गतिरोध खत्म, रमेश चेन्निथला को मिल सकता है गृह मंत्रालय

तिरुवनंतपुरम, 16 मई (आईएएनएस)। कई दिनों की अंदरूनी खींचतान और गहन राजनीतिक बातचीत के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्नितला के वीडी सतीशन के मंत्रिमंडल में शामिल होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान द्वारा तैयार किए गए ‘शांति फार्मूले’ के तहत चेन्निथला को अहम गृह मंत्रालय सौंपा जा सकता है।
केरल में सियासी गतिरोध खत्म, रमेश चेन्निथला को मिल सकता है गृह मंत्रालय

तिरुवनंतपुरम, 16 मई (आईएएनएस)। कई दिनों की अंदरूनी खींचतान और गहन राजनीतिक बातचीत के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्नितला के वीडी सतीशन के मंत्रिमंडल में शामिल होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान द्वारा तैयार किए गए ‘शांति फार्मूले’ के तहत चेन्निथला को अहम गृह मंत्रालय सौंपा जा सकता है।

शनिवार को तिरुवनंतपुरम में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। सुबह से ही चेन्निथला के आवास पर कांग्रेस नेताओं का आना-जाना लगा रहा। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और एआईसीसी पर्यवेक्षक दीपा दासमुंशी भी चर्चा के लिए उनके घर पहुंचीं।

इसके बाद मुख्यमंत्री-नामित सतीशन खुद चेन्निथला के आवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच अहम बातचीत हुई। वहां से सतीशन सीधे कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के आवास पहुंचे, जहां करीब 45 मिनट तक बैठक चली। माना जा रहा है कि इसी बैठक में लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध खत्म हुआ।

दरअसल, सतीशन के मुख्यमंत्री पद की दौड़ जीतने के बाद चेन्निथला समर्थक खेमे में नाराजगी देखी जा रही थी। बाद में टीवी चैनलों पर वेणुगोपाल को सीधे चेन्निथला के आवास जाते हुए देखा गया, जिससे यह संकेत मिला कि समझौते का अंतिम खाका तैयार हो चुका है।

बैठक खत्म होने के बाद दोनों नेता मुस्कुराते हुए बाहर आए। वेणुगोपाल ने कहा, “चेन्निथला की पार्टी में अहम भूमिका है। सभी नेताओं से चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा।”

वहीं, चेन्निथला ने भी नरम रुख अपनाते हुए कहा, “मैं हमेशा से कांग्रेस का सच्चा कार्यकर्ता रहा हूं और आगे भी रहूंगा।”

चेन्निथला प्रकरण सुलझने के बाद अब कांग्रेस ने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार में मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिन नेताओं के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, उनमें थिरुवंचूर राधाकृष्णन, के. मुरलीधरन, सनी जोसेफ, ए. पी. अनिल कुमार, पी. सी. विष्णुनाथ, एम. लिजू और चांडी ओमन के नाम प्रमुख हैं।

इसके अलावा वी. पी. सजींद्रन, टी. सिद्धीक, अनवर सदाथ और रोजी एम. जॉन के नाम भी चर्चा में हैं। महिला विधायकों में बिंदू कृष्णा, शानिमोल उस्मान और उमा थॉमस को भी संभावित दावेदार माना जा रहा है।

यूडीएफ की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी अपने संभावित मंत्रियों की सूची लगभग तय कर ली है। पार्टी की ओर से पी. के. कुन्हालीकुट्टी, के. एम. शाजी, एन. शम्सुद्दीन, परक्कल अब्दुल्ला और वी. ई. गफूर के नाम सामने आ रहे हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि रविवार दोपहर तक मंत्रिमंडल की पूरी सूची राज्यपाल को सौंप दी जाएगी।

सतीशन सोमवार सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल भी शपथ लेगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

इस बीच, माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदम ने कहा कि वामपंथी विपक्ष शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होगा और कार्यक्रम का बहिष्कार नहीं करेगा।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags