Samachar Nama
×

एससीबी अस्पताल हादसे को लेकर बीजद और कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री से मांगा इस्तीफा

भुवनेश्वर, 18 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में बुधवार को विपक्षी बीजद और कांग्रेस विधायकों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा किया। यह मांग कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लगी आग को लेकर की गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी।
एससीबी अस्पताल हादसे को लेकर बीजद और कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री से मांगा इस्तीफा

भुवनेश्वर, 18 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में बुधवार को विपक्षी बीजद और कांग्रेस विधायकों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा किया। यह मांग कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लगी आग को लेकर की गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान, विपक्षी विधायक पोस्टर और तख्तियां लेकर स्पीकर सुरमा पाधी के पोडियम के पास पहुंचे और नारेबाजी करने लगे और एससीबी अस्पताल में हुई भीषण घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

हंगामे के बीच स्पीकर ने सदन को कई बार स्थगित किया। इसी बीच, बीजद और कांग्रेस विधायकों ने एससीबी अस्पताल में हुई भीषण अग्निकांड को रोकने में राज्य सरकार की कथित विफलता की निंदा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकाली। विपक्षी विधायक विधानसभा परिसर में स्वास्थ्य मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए मार्च करने लगे।

प्रश्नकाल को बाधित करने वाले इस विरोध प्रदर्शन में दोनों दलों के सदस्यों ने प्रत्येक पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए मुआवजे की मांग की और सरकार की प्रस्तावित 25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि को अपर्याप्त बताया।

बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा, "हमारी सरकार के समय में एक निजी अस्पताल में आग लगी थी और स्वास्थ्य मंत्री ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया था। जबकि यहां, एक सरकारी अस्पताल में इतनी मौतें हो रही हैं, लेकिन वे स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा नहीं दिलवा रहे हैं। पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवा और अस्पतालों में सुधार के लिए कदम उठाने चाहिए।"

इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक तारा प्रसाद बहिनीपति ने कहा, "हमने ये सुविधाएं लोगों की जान बचाने के लिए बनाई थीं, लेकिन आज ओडिशा में चिकित्सा सुविधाओं की हालत ऐसी है कि अस्पताल मौत के जाल बन गए हैं। जनता की गुहार पूरे राज्य में गूंज रही है, फिर भी सरकार अनसुनी कर रही है। आज हम जो 'अंतिम संस्कार' कर रहे हैं, वह जनता के गुस्से का प्रतीक है। स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।"

वहीं, भाजपा विधायक मानस दत्ता ने कहा, एससीबी मेडिकल कॉलेज में लगी आग एक बेहद दुखद घटना है, लेकिन मानवीय आपदा को राजनीतिक नाटक का मुद्दा बनाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने बीजद और कांग्रेस के सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। भाजपा के अन्य विधायकों ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा इस हादसे का समाधान नहीं है।

--आईएएनएस

ओपी/एबीएम

Share this story

Tags