Samachar Nama
×

बंगाल: फलता में चुनाव ड्यूटी पर तैनात आईटीबीपी जवान की रहस्यमय मौत

कोलकाता, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में चुनाव ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के एक जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कनक कोच के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बंगाल: फलता में चुनाव ड्यूटी पर तैनात आईटीबीपी जवान की रहस्यमय मौत

कोलकाता, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में चुनाव ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के एक जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कनक कोच के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों के लिए पूरे पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया है।

स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार असम के रहने वाले कनक फलता थाना क्षेत्र के दोस्तपुर इलाके में चुनाव ड्यूटी पर गए थे।

मंगलवार रात जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पता चला कि दोस्तपुर हाई स्कूल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 86 जवानों के रहने का इंतजाम किया गया था। मंगलवार रात खाना खाने के बाद सभी सो गए थे।

देर रात शौचालय जाते समय एक जवान ने कनक को बालकनी में औंधे मुंह पड़ा देखा।

उन्हें खून से लथपथ हालत में डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए डायमंड हार्बर पुलिस पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि वह सीढ़ियों से गिर गया था। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस उसी का इंतजार कर रही है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

डायमंड हार्बर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्वाभाविक मौत का एक मामला दर्ज किया गया है। जवान की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। पहली नजर में ऐसा लगता है कि वह गिर गया था। हालांकि, जांच अभी चल रही है।

अधिकारी के अनुसार, मृतक जवान के परिवार वालों को इस दुखद घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags