सिएट का शेयर 9 प्रतिशत से अधिक फिसला, पहली तिमाही में 96 प्रतिशत घटा मुनाफा
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। टायर निर्माता कंपनी सिएट के शेयर शुक्रवार को सुबह के सत्र में 9 प्रतिशत से अधिक फिसल गए। इसकी वजह अपनी की ओर से वित्त वर्ष 27 जून तिमाही में उच्च परिचालन लागत के कारण कमजोर नतीजे पेश करना है।
बाजार खुलने के साथ सिएट का शेयर शुरुआती कारोबार में ही पिछली क्लोजिंग 3,829.60 रुपए के मुकाबले 9.3 प्रतिशत फिसलकर 3,471.10 रुपए पर पहुंच गया।
फिलहाल सुबह 10:47 पर यह 7.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,548 रुपए पर था।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 96 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की। कंपनी का मुनाफा घटकर 4 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 112 करोड़ रुपए था।
हालांकि, परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 22.4 प्रतिशत बढ़कर 4,318 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 3,529 करोड़ रुपए था। यह विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों में मजबूत मांग को दर्शाता है।
कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे माल की लागत बढ़ने से उसके मुनाफे पर दबाव पड़ा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अर्नब बनर्जी ने कहा कि इनपुट लागत में बढ़ोतरी के असर को आंशिक रूप से कम करने के लिए कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से टायरों की कीमतें बढ़ाईं, जबकि मांग और बाजार हिस्सेदारी को भी बनाए रखा। उन्होंने कहा कि दूसरी तिमाही के दौरान भी कच्चे माल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहने की संभावना है।
कंपनी का परिचालन प्रदर्शन भी दबाव में रहा। एबिटा सालाना आधार पर 5.7 प्रतिशत घटकर 365 करोड़ रुपए रह गया, जो एक साल पहले 387 करोड़ रुपए था। वहीं, एबिटा मार्जिन घटकर 8.5 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 11 प्रतिशत था।
पिछले एक वर्ष में सिएट के शेयरों में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे इसका प्रदर्शन व्यापक बाजार की तुलना में कमजोर रहा। पिछले छह महीनों में शेयर 8 प्रतिशत से अधिक और इस वर्ष अब तक करीब 6 प्रतिशत टूट चुका है।
--आईएएनएस
एबीएस

