Samachar Nama
×

'अलायंस' में सोहेल खान की एक्स वाइफ की एंट्री पर बोले करण मैली, 'उनके सम्मान भरे रिश्ते को दिखाना था मकसद'

'अलायंस' में सोहेल खान की एक्स वाइफ की एंट्री पर बोले करण मैली, 'उनके सम्मान भरे रिश्ते को दिखाना था मकसद'

मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' में नजर आ रहे हैं। हाल ही में शो में दो वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट्स की एंट्री हुई, जिनमें से एक सोहेल की एक्स वाइफ सीमा सजदेह थीं। इस एंट्री को लेकर कास्टिंग डायरेक्टर करण मैली ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि आखिर उन्होंने दोनों को एक साथ लाने का फैसला क्यों किया?

आईएएनएस से बातचीत में करण मैली ने कहा, '''अलायंस' की सोच शुरू से ही कुछ अलग थी। हम एक ऐसे रिश्ते को पर्दे पर दिखाना चाहते थे, जो मॉडर्न, मैच्योर और वास्तविक हो। आमतौर पर फिल्मों और वेब सीरीज में पुराने रिश्तों या तलाक के बाद की जिंदगी को काफी नाटकीय तरीके से दिखाया जाता है। लेकिन असल जिंदगी हमेशा ऐसी नहीं होती। कई लोग अलग होने के बाद भी एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखते हैं और अच्छे रिश्ते बनाए रखते हैं। यही बात वह इस शो के जरिए दर्शकों तक पहुंचाना चाहते थे।''

करण ने बताया, ''सोहेल खान और सीमा सजदेह को साथ लाने का फैसला किसी तरह की सनसनी फैलाने या लोगों का ध्यान खींचने के लिए नहीं किया गया था। यह फैसला पूरी तरह उस रिश्ते को दिखाने के लिए लिया गया, जो सम्मान और समझदारी पर टिका है। शो की टीम ने शुरुआत से ही ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की, जहां हर व्यक्ति सहज महसूस करे और अपनी बात रख सके।''

उन्होंने आगे बताया, ''इस पूरे सफर की शुरुआत बेबाकी से हुई। शो की टीम ने पहले अपनी सोच और विजन दोनों के सामने रखा। जब सोहेल और सीमा को यह भरोसा हो गया कि शो का मकसद उनकी निजी जिंदगी का इस्तेमाल करके सुर्खियां बटोरना नहीं है, बल्कि उनके रिश्ते को सम्मान के साथ पेश करना है, तब दोनों ने इस पर भरोसा जताया।''

करण मैली ने कहा, ''शुरुआत में थोड़ा संकोच होना बिल्कुल स्वाभाविक था। आखिरकार, किसी भी व्यक्ति के लिए अपनी निजी जिंदगी से जुड़े पहलुओं को कैमरे के सामने लाना आसान नहीं होता, खासकर जब वह प्राइम वीडियो जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने वाला हो। कोई भी नहीं चाहता कि उसकी निजी जिंदगी सिर्फ चटपटी खबरों का हिस्सा बन जाए। जब सोहेल और सीमा को शो के विजन का पता चला, तो उन्होंने पूरे विश्वास के साथ इसका हिस्सा बनने का फैसला किया।''

कास्टिंग डायरेक्टर ने कहा, ''शो में सोहेल खान और सीमा सजदेह का रिश्ता दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होगा। दोनों कैमरे के सामने जिस सहजता और सम्मान के साथ नजर आए हैं, वह लोगों को जरूर पसंद आएगा। दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में जिस परिपक्वता के साथ सोच दिखाई है, वह भारतीय मनोरंजन जगत में कम देखने को मिलती है।''

करण ने कहा, ''भारतीय दर्शक अब पहले से ज्यादा वास्तविक और सच्ची कहानियां देखना चाहते हैं। ऐसे में 'अलायंस' सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं है, बल्कि रिश्तों को नए नजरिए से देखने की कोशिश भी है। यह शो लोगों को यह समझाएगा कि किसी रिश्ते का अंत हमेशा दुश्मनी या कड़वाहट के साथ नहीं होता। कई बार अलग होने के बाद भी दो लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हुए आगे बढ़ सकते हैं।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story