बेहद पढ़ा-लिखा है व्हाइट हाउस डिनर शूटिंग का आरोपी, जानने वाले भी हैरान
वॉशिंगटन, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में फायरिंग करने के आरोप में पकड़े गए शख्स का बैकग्राउंड ऐसा है कि जो लोग उसे जानते थे, वे भी हैरान रह गए हैं। शख्स के बारे में बताया गया है कि वह बेहद रहस्यमयी इंसान है। साथ ही काफी पढ़ा-लिखा है।
फायरिंग के आरोपी शख्स की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी 31 साल के कोल थॉमस एलन के तौर हुई है। इस घटना में एक सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हुआ है।
एलन ने अमेरिका के मशहूर संस्थान कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई की है। यह अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों में से एक है। एलन ने 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री ली और 2025 में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स भी पूरा किया।
एक कंपनी की पोस्ट के मुताबिक, वह एक प्राइवेट एजुकेशन कंपनी में ट्यूटर के रूप में काम कर चुका है, जहां उसे दिसंबर 2024 में 'टीचर ऑफ द मंथ' भी चुना गया था। एलन को सॉफ्टवेयर और गेम डेवलपमेंट में भी दिलचस्पी थी। वह फिजिक्स पर आधारित वीडियो गेम बनाता था और खुद को इंडिपेंडेंट डेवलपर बताता था।
उसे जानने वाले लोग इस खबर से हैरान हैं। उसके एक पुराने क्लासमेट जॉर्ज डगलियन ने कहा, ''मुझे बहुत झटका लगा है। यह सुनकर बहुत दुख हुआ।''
एक पुराने टीममेट ने उसे 'जीनियस' बताया और कहा कि वह 'बहुत ही ज्यादा स्मार्ट' है। उसने कहा कि एलन को पढ़ाई के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती थी, चीजें उसे आसानी से समझ आ जाती थीं। उन्होंने कहा कि एलन 'टीम का सबसे शांत और नरम स्वभाव का इंसान' था, इसलिए ये आरोप और भी चौंकाने वाले हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, एलन ने हाल के वर्षों में कानूनी तरीके से हथियार खरीदे थे, जिनमें एक शॉटगन और एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल शामिल है। माना जा रहा है कि वह ट्रेन से कैलिफोर्निया से शिकागो होते हुए वॉशिंगटन पहुंचा और उसी होटल में ठहरा, जहां यह डिनर हो रहा था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि जब वह सुरक्षा चेकपॉइंट की तरफ बढ़े तो उनके पास कई हथियार थे और उन्होंने वहीं फायरिंग शुरू कर दी। अभी तक हमले का मकसद साफ नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में शक है कि उनका निशाना ट्रंप प्रशासन के लोग हो सकते हैं।
ट्रंप ने आरोपी को 'अकेला हमलावर' और 'बहुत बीमार इंसान' बताया है।
एलन पर फेडरल स्तर के कई आरोप लग सकते हैं, जैसे किसी सरकारी अधिकारी पर हमला करना और हथियारों से जुड़े अपराध। आगे और भी आरोप जोड़े जा सकते हैं। इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है कि कैसे बिना किसी आपराधिक रिकॉर्ड और अच्छी पढ़ाई-लिखाई वाले लोग भी हिंसा की तरफ मुड़ सकते हैं।
अमेरिका में पहले भी कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जहां अलग-अलग बैकग्राउंड वाले लोग शामिल रहे हैं। ऐसे मामलों में जांच एजेंसियां आमतौर पर मानसिक स्थिति, विचारधारा और सामाजिक कारणों की जांच करती हैं।
अधिकारियों का कहना है कि एलन की पर्सनल लाइफ, ऑनलाइन एक्टिविटी और मकसद की जांच अभी जारी है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

