कलकत्ता हाईकोर्ट ने न्यायपालिका पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर अभिषेक बनर्जी को जारी किया नोटिस
कोलकाता, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कलकत्ता उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के सांसद अभिषेक बनर्जी को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है। यह नोटिस उनके हालिया अपमानजनक बयानों को लेकर दिया गया है, जिसमें उन्होंने न्यायपालिका के एक हिस्से पर 'पक्षपाती' होने का आरोप लगाया था।
जस्टिस कृष्ण राव की एकल पीठ ने मंगलवार को डायमंड हार्बर के सांसद को निर्देश दिया कि वे 15 दिनों के भीतर 'कारण बताओ नोटिस' (शो-कॉज नोटिस) का जवाब दें। उनसे पूछा गया है कि ऐसी टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ अदालती कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए।
जस्टिस राव ने यह भी कहा कि अभिषेक बनर्जी ने अपनी टिप्पणियों के जरिए न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है। इसलिए, अदालत ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है कि अदालती कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश करने और सुनवाई के दौरान "अपमानजनक आरोप" लगाने के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।
पिछले हफ्ते जस्टिस राव ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे बनर्जी द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी।12 नवंबर को अभिषेक बनर्जी की एक याचिका पर अंतिम सुनवाई चल रही थी, जिसमें उन्होंने अपनी "जेड-प्लस" सुरक्षा बहाल करने की मांग की थी। इस दौरान पश्चिम बंगाल सरकार के वकील और राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता (एडिशनल एडवोकेट जनरल) बिल्लावदल भट्टाचार्य ने अदालत का ध्यान सांसद के एक हालिया सोशल मीडिया संदेश की ओर दिलाया। इस संदेश में उन्होंने कुछ ऐसी बातें कहीं, जो सीधे तौर पर देश की न्यायिक प्रणाली और अदालतों की गरिमा को चुनौती देती हैं।
इसके बाद भट्टाचार्य ने अदालत से इस मामले में हस्तक्षेप करने और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके पर अभिषेक बनर्जी के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल की टिप्पणी कुछ घटनाओं के संदर्भ में थी क्योंकि उनके द्वारा दायर याचिकाएं कई महीनों से अदालत में लंबित थीं।
इसके बाद इस टिप्पणी पर जस्टिस राव ने अपनी नाराजगी जताई। बहुत सख्त लहजे में जस्टिस राव ने अभिषेक बनर्जी के वकील से उन जजों की पूरी सूची देने को कहा जो भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और जो तृणमूल कांग्रेस के साथ हैं। जस्टिस राव ने कहा, "अपने मुवक्किल (अभिषेक बनर्जी) से पूछिए कि कौन से जज भाजपा के साथ हैं और कौन नहीं! उन्हें लगता है कि वह बहुत बुद्धिमान हैं। उनसे कहिए कि वे एक सूची दें, मैं उसे देखूंगा।"
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

