Samachar Nama
×

अभिषेक बनर्जी के अमतला कार्यालय पर तोड़फोड़ की कार्रवाई पर हाई कोर्ट की अंतरिम रोक 15 दिसंबर तक बढ़ी

अभिषेक बनर्जी के अमतला कार्यालय पर तोड़फोड़ की कार्रवाई पर हाई कोर्ट की अंतरिम रोक 15 दिसंबर तक बढ़ी
अभिषेक बनर्जी के अमतला कार्यालय पर तोड़फोड़ की कार्रवाई पर हाई कोर्ट की अंतरिम रोक 15 दिसंबर तक बढ़ी

कोलकाता, 26 नवंबर (आईएएनएस)। कलकत्ता हाई कोर्ट की एकल पीठ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के अमतला स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय को गिराने पर लगी अंतरिम रोक 15 दिसंबर तक बढ़ा दी है।

ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के महासचिव और डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के सांसद अभिषेक बनर्जी इसी कार्यालय से अपना कामकाज चलाते थे। जिला प्रशासन ने इस साल जुलाई में इस कार्यालय को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। यह दूसरी बार है जब कलकत्ता हाई कोर्ट ने इस कार्यालय को गिराने पर लगी अंतरिम रोक को आगे बढ़ाया है।

17 मई को सुशांत मंडल नाम के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमतला में स्थित यह कार्यालय अवैध रूप से बनाया गया है। इस शिकायत के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई की। 18 जुलाई को अभिषेक के कार्यालय का एक हिस्सा गिरा भी दिया गया था। अगले दिन फिर से इसे गिराने का काम शुरू हो गया।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने इस तोड़फोड़ पर रोक लगाने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 16 अगस्त को कलकत्ता हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति सुव्रा घोष की एकल पीठ ने इसे गिराने पर अंतरिम रोक का आदेश जारी किया।

उस आदेश के तहत तोड़फोड़ पर यह अंतरिम रोक इस साल 18 सितंबर तक थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया गया था। गुरुवार को न्यायमूर्ति घोष की अदालत में इस मामले पर फिर से सुनवाई हुई, जिसके बाद एकल पीठ ने अंतरिम रोक को 15 दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया।

अभिषेक बनर्जी के वकील का तर्क था कि अवैध निर्माण की शिकायतें प्लॉट नंबर 509 और 512 से जुड़ी थीं, लेकिन प्रशासन ने प्लॉट नंबर 507 पर बने निर्माण को गिरा दिया, जहां उनके मुवक्किल का कार्यालय था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके मुवक्किल को अपना पक्ष रखने का कोई मौका दिए बिना ही तोड़फोड़ का काम शुरू कर दिया गया था। डायमंड हार्बर के सांसद के वकील ने प्रशासन से उस तोड़फोड़ के लिए मुआवजे की मांग भी की, जो पहले ही की जा चुकी है। यह कार्यालय एक कॉर्पोरेट इकाई, 'लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड' के नाम पर रजिस्टर्ड था, जिसका संबंध बनर्जी परिवार से है। प्रशासन की ओर से भेजा गया तोड़फोड़ का नोटिस भी उसी संस्था के नाम पर था।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags