Samachar Nama
×

कैबिनेट ने कामराजर पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल स्थापित करने के लिए 4,288 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी

कैबिनेट ने कामराजर पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल स्थापित करने के लिए 4,288 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी
कैबिनेट ने कामराजर पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल स्थापित करने के लिए 4,288 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को चेन्नई स्थित कामराजर पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास से जुड़ी प्रस्तावित परियोजना को मंजूरी दे दी। इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) के आधार पर विकसित किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपए है।

इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबे कंटेनर टर्मिनल का विकास किया जाएगा, जिसकी डिजाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी। इसकी वार्षिक कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स (टीईयू) में 20 लाख होगी। परियोजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा।

इस टर्मिनल को बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें 24,346 टीईयू तक की क्षमता और 400 मीटर तक की कुल लंबाई वाले जहाज भी शामिल हैं। इससे कामराजर पोर्ट लिमिटेड (केपीएल) की बड़े मुख्य समुद्री मार्गों पर चलने वाले जहाजों को संभालने की क्षमता मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

इस परियोजना का उद्देश्य चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण भारत के व्यापक आंतरिक क्षेत्रों से कंटेनर आधारित निर्यात-आयात (एक्जिम) माल की बढ़ती मांग को पूरा करना है। इसके प्रमुख माल उत्पादक क्षेत्रों में ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसायन और अन्य विनिर्मित उत्पाद शामिल हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार, पीपीपी घटक की अनुमानित परियोजना लागत जीएसटी सहित 4,288.26 करोड़ रुपए है। इसमें पहले चरण के लिए 2,429.32 करोड़ रुपए और दूसरे चरण के लिए 1,858.94 करोड़ रुपए शामिल हैं। डीबीएफओटी मॉडल के तहत चयनित रियायतधारी कंपनी इस निवेश की व्यवस्था करेगी। वहीं, परियोजना प्रस्ताव में अलग से 450 करोड़ रुपए की अनुमानित ड्रेजिंग लागत का जिक्र किया गया है, जिसका वहन केपीएल करेगा।

इस परियोजना के तहत दूसरे कंटेनर टर्मिनल का विकास किया जाएगा, जिसकी बर्थ की चौड़ाई 30 मीटर होगी। इसे दो चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण की क्षमता 11 लाख टीईयू और दूसरे चरण की क्षमता 9 लाख टीईयू होगी।

केपीएल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 4.908 करोड़ टन माल और 1,008 जहाजों को संभाला। इसमें 7 लाख टीईयू से अधिक का कंटेनर यातायात शामिल था।

मौजूदा कंटेनर टर्मिनल की स्थापित क्षमता सालाना 8 लाख टीईयू है और इसने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 7 लाख टीईयू का संचालन किया। यह इसकी कुल क्षमता का करीब 88 प्रतिशत है।

इसके अलावा, भारत में पिछले पांच वर्षों के दौरान कंटेनर यातायात में लगभग 7 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज की गई है, जबकि इसी अवधि में केपीएल के कंटेनर यातायात में लगभग 9.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

व्यवहार्यता अध्ययन में दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कंटेनर यातायात में लगातार वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। इससे केपीएल में क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता को बल मिलता है।

इस परियोजना को 40 साल की कंसेशन अवधि के लिए डीबीएफओटी आधार पर लागू किया जाएगा, जिसमें निर्माण के लिए 48 महीने की अवधि शामिल है।

पहले चरण को कंसेशन (कॉन्ट्रैक्ट) दिए जाने की तारीख से 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद 25वें महीने से वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो जाएगा।

दूसरे चरण का निर्माण 25वें से 48वें महीने के बीच किया जाएगा, जबकि 49वें महीने से पूरे टर्मिनल का वाणिज्यिक परिचालन शुरू होगा।

इस परियोजना को पारदर्शी और खुली वैश्विक बोली प्रक्रिया के माध्यम से लागू करने का प्रस्ताव है।

कॉन्ट्रैक्ट लेने वाली कंपनी आवश्यक वित्तपोषण की व्यवस्था करेगी और कंसेशन समझौते एवं लागू टैरिफ ढांचे के प्रावधानों के अनुसार उपयोगकर्ता शुल्क के माध्यम से अपने निवेश की वसूली करेगी।

यह परियोजना मैरीटाइम इंडिया विजन 2030 और मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047 के अनुरूप है। बयान में कहा गया है कि इससे भारत के पूर्वी तट पर कंटेनर गेटवे के रूप में केपीएल की स्थिति मजबूत होने, समुद्री लॉजिस्टिक्स श्रृंखला की दक्षता में सुधार और निर्यात-आयात (एक्जिम) व्यापार की वृद्धि को समर्थन मिलने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags