Samachar Nama
×

बीएसई ने अप्रैल में कंपनियों के खिलाफ निवेशकों की 183 शिकायतों का किया निस्तारण

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बीएसई लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसने अप्रैल 2026 के दौरान 117 कंपनियों के खिलाफ निवेशकों की 183 शिकायतों का निस्तारण किया। इसमें पिछले रिपोर्टिंग पीरियड से लंबित शिकायतें भी शामिल हैं।
बीएसई ने अप्रैल में कंपनियों के खिलाफ निवेशकों की 183 शिकायतों का किया निस्तारण

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बीएसई लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसने अप्रैल 2026 के दौरान 117 कंपनियों के खिलाफ निवेशकों की 183 शिकायतों का निस्तारण किया। इसमें पिछले रिपोर्टिंग पीरियड से लंबित शिकायतें भी शामिल हैं।

इस महीने के दौरान एक्सचेंज को 117 कंपनियों के खिलाफ 168 नई शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि 128 कंपनियों के खिलाफ कुल 183 शिकायतों का निपटारा किया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस अवधि में नई शिकायतों के मुकाबले ज्यादा मामलों का समाधान किया गया।

एक्सचेंज के अनुसार, जिन शिकायतों का निस्तारण किया गया है, उनमें पहले से लंबित मामले भी शामिल हैं, जो यह दर्शाता है कि एक्सचेंज अपने प्लेटफॉर्म पर लगातार शिकायत निवारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

अप्रैल 2026 तक तीन कंपनियां ऐसी रहीं, जिनके खिलाफ एक महीने से अधिक समय से सबसे ज्यादा शिकायतें लंबित हैं। जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड 9 लंबित शिकायतों के साथ सूची में शीर्ष पर रही, इसके बाद हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) में 4 और एचबीएल इंजीनियरिंग लिमिटेड में 3 शिकायतें एक महीने से ज्यादा समय से लंबित हैं। हालांकि, बीएसई ने इन शिकायतों की प्रकृति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

तुलनात्मक रूप से देखें तो फरवरी 2026 में बीएसई ने 114 कंपनियों के खिलाफ 150 शिकायतों का निपटारा किया था, जबकि उसी महीने 94 कंपनियों के खिलाफ 113 नई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उस महीने भी शिकायतों के निपटारे की संख्या नई शिकायतों से ज्यादा रही थी।

वहीं, दिसंबर 2025 में एक्सचेंज ने 92 कंपनियों के खिलाफ 109 शिकायतों का निपटारा किया था, जबकि 113 कंपनियों के खिलाफ 141 नई शिकायतें दर्ज हुई थीं। इससे उस महीने शिकायतों की संख्या निपटारे से अधिक रही थी।

इससे पहले सितंबर 2025 में बीएसई ने 126 कंपनियों के खिलाफ 190 शिकायतों का निपटारा किया था, जबकि 173 नई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। अक्टूबर 2025 में 90 कंपनियों के खिलाफ 143 शिकायतों का निपटारा किया गया, जिसमें लंबित मामले भी शामिल थे, और 81 कंपनियों के खिलाफ 120 नई शिकायतें दर्ज हुई थीं।

इन आंकड़ों से यह संकेत मिलता है कि पिछले कुछ महीनों में शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया लगातार सक्रिय बनी हुई है, हालांकि बाजार की गतिविधियों और निवेशकों की भागीदारी के आधार पर शिकायतों के आने और निपटारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

सोमवार को एनएसई पर बीएसई लिमिटेड का शेयर करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,712 रुपए पर बंद हुआ। कंपनी के 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 3,755 रुपए और निम्नतम स्तर 2,021.50 रुपए है। वहीं कंपनी का मार्केट कैप 1.51 लाख करोड़ रुपए है (4 मई 2026 तक)।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags