भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स वैश्विक सहयोग मजबूत करेगा : प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स मिलकर बहुपक्षवाद को मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने, आर्थिक मजबूती बढ़ाने और एक ज्यादा समावेशी विश्व व्यवस्था बनाने की दिशा में काम करेगा।
ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों से मिलकर खुशी हुई। ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने और ग्लोबल साउथ की उम्मीदों को आवाज देने का एक अहम मंच बन चुका है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस साल भारत की अध्यक्षता में हम मिलकर बहुपक्षवाद को मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने, आर्थिक मजबूती बढ़ाने और एक ज्यादा समावेशी विश्व व्यवस्था बनाने के लिए काम करेंगे।”
इससे पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर कहा कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का सही रास्ता है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
लावरोव ने प्रधानमंत्री मोदी को दिसंबर 2025 में हुई 23वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक के बाद दोनों देशों के बीच सहयोग में हुई प्रगति की जानकारी भी दी।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मिलकर खुशी हुई। भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर हुई प्रगति की जानकारी देने के लिए उनका धन्यवाद। हमने यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। हमने शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों के प्रति अपने लगातार समर्थन को दोहराया।”
भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक गुरुवार को नई दिल्ली में शुरू हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री एस. जयशंकर कर रहे हैं। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के विदेश मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

