Samachar Nama
×

पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद बेमानी : शगुन परिहार

पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद बेमानी : शगुन परिहार
पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद बेमानी : शगुन परिहार

मुकेरियां, 27 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा विधायक शगुन परिहार ने रविवार को कहा कि अगर मुख्यमंत्री खुद शराब पीकर पंजाब विधानसभा पहुंचते हैं, तो ऐसी स्थिति में उनसे नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद करना बेमानी है।

उन्होंने पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशा तस्करों को खुली छूट दे रखी है।

उन्होंने कहा, ''पंजाब में हालात इतने खराब हो गए हैं कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि रात को सोने वाला व्यक्ति सुबह सुरक्षित उठेगा या घर से बाहर निकला व्यक्ति सुरक्षित लौटेगा।''

उन्होंने ये बातें भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के आठवें दिन मुकेरियां में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहीं।

आतंकवादियों द्वारा अपने पिता और चाचा की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था, जब जम्मू-कश्मीर की सड़कों पर आतंकवादी खुलेआम घूमते थे और उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी जाती थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर असंभव को संभव कर दिखाया। उन्होंने कहा, ''आज कश्मीर में बदलाव और समृद्धि की चर्चा हो रही है। युवाओं के हाथों में टैबलेट और उन्हें रोजगार देने की बात हो रही है।''

उन्होंने कहा कि अब पंजाब में भी बदलाव लाने की जरूरत है और इसके लिए लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का समर्थन करना चाहिए। रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सुना गया।

वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सांपला ने आरोप लगाया कि पंजाब में घर-घर नशा बेचा जा रहा है और इसकी होम डिलीवरी तक हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के संरक्षण में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सरपंचों के शव मिल रहे हैं।

पठानकोट से विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को बचाना और नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है।

मुकेरियां से विधायक जंगी लाल महाजन ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही नशा तस्करों को जेल भेजा जाएगा उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के पास अब केवल चार महीने का समय बचा है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story