यूपी चुनाव से पहले पोस्टर वार, अखिलेश के राम मंदिर दौरे पर भाजपा ने पूछा- क्या कारसेवकों को श्रद्धांजलि दे पाएंगे?
लखनऊ, 13 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है। जहां सपा ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। वहीं भाजपा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे को लेकर उन पर हमला बोला।
समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है, जिस पर लिखा है, "जो बुलडोजर लेकर आए थे, वे साइकिल से जाएंगे।"
'साइकिल' सपा का चुनाव चिह्न है, जबकि 'बुलडोजर' का जिक्र यूपी सरकार द्वारा अवैध निर्माणों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के घरों को गिराने के आदेशों के संदर्भ में किया गया है।
यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने यूपी के जेवर में एक नए ट्रैक्टर प्लांट के शिलान्यास समारोह के दौरान कहा था कि "बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन गया है।"
इस बीच, सपा अध्यक्ष दिसंबर में अयोध्या के राम मंदिर जाने वाले हैं, जिससे पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। शुक्रवार को लखनऊ में सामने आए एक पोस्टर में अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए कहा गया है कि सपा प्रमुख राम मंदिर जाने में बहुत देर कर चुके हैं।
पोस्टर में 1990 में पुलिस फायरिंग में मारे गए कारसेवकों को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा गया है, "क्या आप कारसेवकों को श्रद्धांजलि दे पाएंगे? जो भगवान राम का नहीं, वह किसी और का नहीं हो सकता।"
इससे पहले मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर सपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा था कि सपा नेताओं को अयोध्या के राम मंदिर में आशीर्वाद लेने जरूर आना चाहिए, लेकिन उससे पहले उन्हें कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "यह अयोध्या अब कभी कर्फ्यू की चपेट में नहीं आएगी। अब किसी की हिम्मत नहीं होगी कि वह अयोध्या में दंगे या अराजकता भड़काए। अब कोई भी अयोध्या की उपेक्षा नहीं कर पाएगा और न ही यहां के संतों का अपमान कर पाएगा। इसके अलावा किसी की भी राम भक्तों पर गोली चलाने की हिम्मत नहीं होगी।"
समाजवादी पार्टी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने उनसे 1990 में कारसेवकों पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों के लिए माफी मांगने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं आज यहां आपको यह भरोसा दिलाने आया हूं कि जिन लोगों ने हमारी उपेक्षा की, हमारा अपमान किया, राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, संतों का अपमान किया और उन पर लाठीचार्ज किया, उन्हें अयोध्या जरूर आना चाहिए, लेकिन माफी मांगने के बाद ही।"
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

