Samachar Nama
×

भाजपा को भारत के चुनावी ढांचे के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री परमेश्वर

भाजपा को भारत के चुनावी ढांचे के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री परमेश्वर
भाजपा को भारत के चुनावी ढांचे के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री परमेश्वर

बेंगलुरु, 28 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि वाले परिसीमन प्रस्ताव को मंजूरी देने का फैसला भारत के लोकतंत्र, संघवाद और समान राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।

एक बयान में उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 50 प्रतिशत ही क्यों? इसके पीछे वैज्ञानिक, जनसांख्यिकीय या संवैधानिक आधार क्या है? केंद्र सरकार बिना सर्वदलीय बैठक बुलाए या अंतर-राज्य परिषद के माध्यम से राज्यों से परामर्श किए बिना, इतने बड़े संवैधानिक सुधार को इतनी जल्दबाजी में क्यों लागू कर रही है?

उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि इस कवायद का समय और तरीका वाजिब चिंताएं पैदा करता है कि क्या भाजपा अपने कामकाज और प्रदर्शन के दम पर नया जनादेश हासिल करने के बजाय, भारत के चुनावी ढांचे में बदलाव करके चुनावी फायदा उठाना चाहती है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत, उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व 80 से बढ़कर 120 सीटों का हो जाएगा, जबकि कर्नाटक का प्रतिनिधित्व 28 से बढ़कर 42 सीटों का हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हालांकि आनुपातिक प्रतिनिधित्व तो वही रहेगा, लेकिन सीटों की संख्या का अंतर 52 से बढ़कर 78 हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव मौजूदा असमानताओं को बनाए रखता है, और 2051 तक प्रतिनिधित्व के अनुपात को स्थिर कर देने से केवल एक बड़ी संवैधानिक चुनौती को आगे के लिए टाल दिया गया है।

2051 तक राज्यों के मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को बनाए रखने का जो फैसला सामने आया है, वह दक्षिणी राज्यों की वाजिब चिंताओं को मान्यता देने जैसा है।

परमेश्वर ने कहा कि हालांकि किसी संवैधानिक चुनौती को टाल देने का मतलब उसका समाधान निकालना नहीं है। भारत को एक ऐसे स्थायी और सिद्धांत-आधारित ढांचे की जरूरत है, जो मनमानी समय-सीमाओं से परे जाकर संघीय समानता की रक्षा करे और यह सुनिश्चित करे कि राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों को सफलतापूर्वक लागू करने के कारण राज्यों को कोई नुकसान न उठाना पड़े।

उन्होंने आगे कहा, "मैं राहुल गांधी की इस चिंता का समर्थन करता हूं कि भाजपा की प्रस्तावित परिसीमन कवायद भारत के राजनीतिक और चुनावी नक्शे को फिर से खींचने की एक कोशिश है। इसके कर्नाटक जैसे राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और पहचान पर दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के असर केवल राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे तक सीमित नहीं हैं। इससे शहरी और ग्रामीण इलाकों, आदिवासी और गैर-आदिवासी क्षेत्रों, तथा विकसित और पिछड़े इलाकों के बीच पहले से मौजूद खाई और गहरी हो सकती है।

क्या भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इन परिणामों का आकलन किया है, या फिर यह पूरी कवायद चुनावी नफा-नुकसान और अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने के इरादे से की जा रही है? उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रस्तावित ढांचा ऐतिहासिक रूप से कम प्रतिनिधित्व वाले समुदायों को हाशिए पर नहीं धकेलेगा और न ही उनकी राजनीतिक आवाज को कमजोर करेगा।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story