Samachar Nama
×

बेटी की दूसरी बरसी से पहले आरजी कर दुष्कर्म पीड़िता की मां विधायक रत्ना देबनाथ सात दिन एकांतवास में रहेंगी

बेटी की दूसरी बरसी से पहले आरजी कर दुष्कर्म पीड़िता की मां विधायक रत्ना देबनाथ सात दिन एकांतवास में रहेंगी
बेटी की दूसरी बरसी से पहले आरजी कर दुष्कर्म पीड़िता की मां विधायक रत्ना देबनाथ सात दिन एकांतवास में रहेंगी

कोलकाता, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की दूसरी बरसी 8 अगस्त हैं। ऐसे में पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने अपनी बेटी के खोने का दुख जताने के लिए सात दिन तक अकेले रहने का फैसला किया है।

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी विधानसभा सीट से भाजपा की विधायक देबनाथ ने रविवार रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपने फैसले का ऐलान किया। हालांकि उन्होंने अपनी बंगाली भाषा की पोस्ट में साफ तौर पर यह नहीं बताया कि हफ्ते भर के लिए पार्टी से दूर रहने का क्या कारण है, लेकिन मैसेज से यह साफ हो गया कि वह यह समय पब्लिक लाइफ से दूर अकेले में बिताना चाहती हैं, क्योंकि इस दुखद घटना की बरसी आने वाली है।

रत्ना देबनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मैं व्यक्तिगत कारणों से सभी से सात दिनों का समय मांग रही हूं। मैं अगले सात दिनों तक किसी से फोन या पर्सनली कॉन्टैक्ट नहीं कर पाऊंगी। मैं किसी भी राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल नहीं होऊंगी। मेरे पब्लिक ऑफिस में ऑफिशियल काम चलता रहेगा। मुझे उम्मीद है कि आप इन कुछ दिनों के लिए मेरी गैरमौजूदगी को माफ कर देंगे।”

पानीहाटी विधानसभा सीट से जीत के बाद विधायक रत्ना देबनाथ बेटी की मौत का जिक्र करती रही हैं। हाल ही में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान, उन्होंने उस विभत्स अपराध को याद करते हुए कहा था, “जरा सोचिए कि 8 अगस्त की रात, जब दुनिया सो रही थी, मेरी बेटी को कितना दर्द सहना पड़ा होगा।”

बता दें कि युवा डॉक्टर की लाश 9 अगस्त, 2024 की सुबह अस्पताल परिसर में एक सेमिनार हॉल के अंदर मिली थी। जांच में पता चला था कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।

इस घटना के बाद पूरे पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए गए थे। देखते ही देखते पूरे देश में इस घटना को लेकर आक्रोश फैल गया था। इस हादसे की जांच शुरू में कोलकाता पुलिस कर रही थी, लेकिन कोर्ट के दखल के बाद इसे सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया था।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story