Samachar Nama
×

भूमि पेडनेकर ने 26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोलीं- 'यह हमला सिर्फ मुंबई नहीं, पूरे देश पर था'

भूमि पेडनेकर ने 26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोलीं- 'यह हमला सिर्फ मुंबई नहीं, पूरे देश पर था'
भूमि पेडनेकर ने 26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोलीं- 'यह हमला सिर्फ मुंबई नहीं, पूरे देश पर था'

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले की बरसी पर गुरुवार को शहीदों और हमले में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पहुंचीं और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को देश के इतिहास का एक काला दिन बताया। भूमि ने कहा कि यह हमला सिर्फ मुंबई पर नहीं, बल्कि पूरे भारत पर था।

श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत में भूमि ने कहा कि वह मुंबई में ही पैदा हुई हैं और इस शहर से उनका गहरा जुड़ाव है।

उन्होंने कहा, ''मैं अपने सभी शहीदों, मुंबई पुलिस के अधिकारियों, सशस्त्र बलों, हमले में बचे लोगों, सबसे पहले मदद के लिए पहुंचने वाले लोगों और मुंबई के उन सभी नागरिकों को याद करना चाहती हूं, जिन्होंने उस काले दिन को झेला। मैं भी मुंबई से हूं, मेरा जन्म यहीं हुआ है और मुंबई मेरे दिल में बसती है। मुझे लगता है कि 26/11 का हमला सिर्फ मुंबई पर नहीं, बल्कि हमारे देश पर हुआ था।''

उन्होंने आगे कहा, ''हमारे देश की सबसे खूबसूरत बात यह है कि जहां भी हमें नफरत दिखाई देती है, हम उसे प्यार में बदल देते हैं और उससे उम्मीद जगाते हैं। आज जब हम उन सभी शहीदों और उन लोगों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई, तो उनके परिवारों को भी याद करते हैं। मैं सिर झुकाकर उन्हें श्रद्धांजलि देती हूं। आपकी कहानियां कभी भुलाई नहीं जाएंगी। हम दुनिया को इतना प्यार देंगे कि वहां नफरत के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। दुनिया में आतंकवाद के लिए भी कोई जगह नहीं होगी।''

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर एक साथ हमले किए थे। आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी), लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस समेत कई जगहों को निशाना बनाया था।

करीब 60 घंटे तक चले इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 238 लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने नौ आतंकियों को मार गिराया था, जबकि एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। उसे अदालत ने दोषी ठहराया और साल 2012 में फांसी दे दी गई।

इस हमले के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए गए। आतंकी घटनाओं की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) बनाई गई। इसके अलावा चार क्षेत्रीय केंद्रों पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती की गई और महाराष्ट्र में फोर्स वन का गठन हुआ। समुद्री सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच तालमेल को भी मजबूत किया गया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story