भाई दूज भाई-बहन के बीच प्यार भरे रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक: पीएम मोदी
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण और प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "देशभर के मेरे परिवारजनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण व प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी की प्रसन्नता और संपन्नता की कामना करता हूं।"
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी देशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पोस्ट किया, "भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अनमोल रिश्ते को समर्पित पर्व भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई दूज का त्योहार हमें परिवार के रिश्तों की आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान व जिम्मेदारी के भाव का स्मरण कराता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हर भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास से सदैव मजबूत बना रहे और उनके जीवन में सुख, स्वास्थ्य, खुशहाली व समृद्धि का संचार हो।"
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, "भाई-बहन के पवित्र बंधन और प्रेम के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "एक ऐसी चिरंतन परंपरा का उत्सव, जो भाई-बहनों के बीच के स्नेह, विश्वास और जीवन भर के साथ का सम्मान करती है। भाई दूज या भाई फोटा के अवसर पर, ईश्वर का आशीर्वाद सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।"
बता दें कि भाई दूज, विक्रम संवत और शालिवाहन शक कैलेंडर के आठवें महीने, कार्तिक के शुक्ल पक्ष की दूसरी तिथि को मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। तब से, इस दिन को 'भाई दूज' के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन सभी जीव नरक के कष्टों से मुक्त हुए और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिला।
--आईएएनएस
डीसीएच/

