Samachar Nama
×

बेंगलुरु : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.17 करोड़ रुपए मूल्य के गांजे के साथ दो गिरफ्तार

बेंगलुरु : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.17 करोड़ रुपए मूल्य के गांजे के साथ दो गिरफ्तार
बेंगलुरु : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.17 करोड़ रुपए मूल्य के गांजे के साथ दो गिरफ्तार

बेंगलुरु, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेंगलुरु में कुंबलगोडु पुलिस ने केरल के दो लोगों को ओडिशा से बेंगलुरु होते हुए केरल ले जाई जा रही 317 किलोग्राम गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के अलावा एक कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 1.78 करोड़ रुपए है, जबकि इसकी अनुमानित बाजार कीमत 3.17 करोड़ रुपए बताई गई है।

11 अक्टूबर को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा से केरल ले जाने के लिए एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा बेंगलुरु के रास्ते ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

12 अक्टूबर को पुलिस की एक टीम ने कंबीपुरा स्थित ईदगाह मैदान के पास केरल की ओर जा रही कार को रोका और उसमें सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे 6 अक्टूबर को केरल से बेंगलुरु आए थे और आरटी नगर से सेल्फ-ड्राइव किराए की कार ली थी। इसके बाद वे ओडिशा गए, जहां उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से कम कीमत पर गांजा खरीदा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस गांजे को बेंगलुरु के रास्ते केरल के कुमारमंगलम ले जाकर अधिक कीमत पर ग्राहकों को बेचने की योजना बना रहे थे।

दोनों आरोपी 11 अक्टूबर को वापस बेंगलुरु पहुंचे और बोम्मसंद्रा के एक होटल में रुके। अगले दिन जब वे केरल की ओर जा रहे थे, तब कुंबलगोडु पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी के दौरान लगभग 317 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे कार सहित जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गांजे की खरीद और परिवहन में शामिल अन्य लोगों के साथ-साथ इसकी बिक्री में मदद करने वालों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच चल रही है।

यह कार्रवाई दक्षिण-पश्चिम डिवीजन की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सौम्यलता एसके के मार्गदर्शन और केंगेरी सब-डिवीजन की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सत्यवती केएस की निगरानी में की गई।

कुंबलगोडु पुलिस निरीक्षक कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और गांजे की खेप जब्त की।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags