Samachar Nama
×

बंगाल में जनवरी से बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू होगी, 1 फरवरी से मिलने लगेगी राशि

बंगाल में जनवरी से बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू होगी, 1 फरवरी से मिलने लगेगी राशि
बंगाल में जनवरी से बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू होगी, 1 फरवरी से मिलने लगेगी राशि

कोलकाता, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार जनवरी 2027 से बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू करेगी। इसके तहत लाभार्थियों को पहली किस्त 1 फरवरी से मिलनी शुरू होगी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इसकी घोषणा की।

योजना के तहत बेरोजगार स्नातकों और राज्य सरकार की ओर से संचालित व्यावसायिक प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को अगले 15 महीनों तक हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे। इस संबंध में प्रस्ताव को सोमवार दोपहर हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "प्रक्रिया अगले साल जनवरी से शुरू होगी और लाभार्थियों को अगले साल 1 फरवरी से भुगतान मिलना शुरू हो जाएगा।" प्रस्ताव के अनुसार, गैर-स्नातक बेरोजगार युवाओं को शुरुआती 15 महीनों तक हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 21 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। राशि हर महीने के दूसरे सप्ताह में लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाएगी। हालांकि, एक परिवार के अधिकतम दो सदस्य ही इस योजना के तहत लाभ पाने के पात्र होंगे। अन्नपूर्णा योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले लोग बेरोजगारी भत्ते के पात्र नहीं होंगे।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने स्वीकार किया कि शुरुआती 15 महीनों के दौरान दी जाने वाली राशि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के 'संकल्प पत्र' में किए गए वादे से कम होगी। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 3,000 रुपये और गैर-स्नातकों को 2,000 रुपये देने का वादा किया था।

अधिकारी ने कहा, "हम पर वित्तीय जिम्मेदारियों का बड़ा बोझ है। इसलिए फिलहाल मैं घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक राशि देने में असमर्थ हूं। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। मैं लाभार्थियों से 15 महीने का समय मांगता हूं। इसके बाद हम घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार भुगतान करेंगे।"

इससे पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भी 'युवा साथी' नाम से बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू की थी। हालांकि, नई सरकार के सत्ता में आने के बाद इस योजना का नाम बदलकर 'भरोसा' कर दिया गया है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story