Samachar Nama
×

गायघाटा में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में बंगाल सरकार ने पीड़िता के परिवार को सौंपा मुआवजे का चेक

गायघाटा में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में बंगाल सरकार ने पीड़िता के परिवार को सौंपा मुआवजे का चेक
गायघाटा में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में बंगाल सरकार ने पीड़िता के परिवार को सौंपा मुआवजे का चेक

कोलकाता, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के बोंगांव उप-मंडल के अंतर्गत गाइघाटा की 17 वर्षीय लड़की के परिवार को 10,00,000 रुपए का मुआवजा चेक सौंपा। पिछले महीने उस लड़की के साथ बलात्कार किया गया था और उसकी हत्या कर दी गई थी।

राज्य सरकार की ओर से, बोंगांव निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा लोकसभा सदस्य और राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने पीड़िता के परिवार वालों को मुआवजे का चेक सौंपा।

पीड़िता के परिवार को मुआवजे का चेक सौंपते समय, उत्तर 24 परगना की जिलाधिकारी प्रगति नौटियाल भी राज्य मंत्री ठाकुर के साथ मौजूद थीं।

राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा, "मैं यहां मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर आया हूं। पीड़िता के परिवार वालों ने मुझसे परिवार के एक सदस्य के लिए राज्य सरकार में नौकरी दिलाने का अनुरोध किया है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि मैं इस मामले को संबंधित अधिकारियों के सामने रखूंगा।"

मीडिया से बात करते हुए, पीड़िता के पिता ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि कोई भी मुआवजा हमारी बेटी की जगह नहीं ले सकता। लेकिन साथ ही, हमारी आर्थिक स्थिति काफी खराब है। इसलिए, मुआवजे का चेक कम से कम हमारी कुछ समस्याओं को तो हल कर ही देगा।"

इस बीच, नाबालिग लड़की के बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास के परिवार वालों ने भी इस एनकाउंटर में हुई मौत को लेकर राज्य सरकार से मुआवजे की मांग की है। प्रह्लाद दास पीड़िता का रिश्तेदार था और 26-27 अक्टूबर की दरमियानी रात को एक पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था।

पीड़िता का शव 25 अक्टूबर की रात को प्रह्लाद दास के घर के पास से बरामद किया गया था।

दास को 26 अक्टूबर की सुबह गिरफ्तार किया गया था, और 26-27 अक्टूबर की दरमियानी रात को उसे अपराध स्थल पर ले जाया गया, ताकि घटनाक्रम को फिर से दोहराया जा सके (क्राइम सीन रिक्रिएशन)।

वहां, उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर गोली भी चलाई।

इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी मारा गया।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story