Samachar Nama
×

नंदीग्राम उपचुनाव: भाजपा के गढ़ में छह उम्मीदवारों के बीच मुकाबला, दूसरे स्थान की लड़ाई पर सबकी नजर

नंदीग्राम उपचुनाव: भाजपा के गढ़ में छह उम्मीदवारों के बीच मुकाबला, दूसरे स्थान की लड़ाई पर सबकी नजर
नंदीग्राम उपचुनाव: भाजपा के गढ़ में छह उम्मीदवारों के बीच मुकाबला, दूसरे स्थान की लड़ाई पर सबकी नजर

कोलकाता, 17 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले की हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस चुनाव में सबसे दिलचस्प मुकाबला दूसरे स्थान के लिए होगा, क्योंकि नंदीग्राम को फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूत गढ़ माना जा रहा है।

इस साल हुए विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

भाजपा ने इस सीट से हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वह शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की विधानसभा चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। माना जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी से भाजपा को सहानुभूति का भी लाभ मिल सकता है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, विधानसभा चुनाव में पूर्वी मेदिनीपुर जिले की सभी 16 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। 2021 के बाद से नंदीग्राम शुभेंदु अधिकारी के प्रभाव के कारण भाजपा का मजबूत आधार बना हुआ है। ऐसे में उपचुनाव में मुख्य सवाल यह है कि क्या विपक्षी उम्मीदवार अपनी जमानत बचा पाएंगे और दूसरे स्थान पर कौन रहेगा।

नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ के अलावा पांच अन्य प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के "मूल लेकिन अल्पसंख्यक" गुट ने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले "बागी लेकिन बहुसंख्यक" गुट से एहतेशमुल हक चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) से शांति गोपाल गिरी, कांग्रेस से मिलन प्रधान और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) से मोहम्मद साबे मिराज अली खान भी मैदान में हैं।

नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।

उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ चुनावी समझौते की कोशिश भी की थी। उन्होंने प्रस्ताव दिया था कि यदि कांग्रेस रेजीनगर सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी तो तृणमूल नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार वापस ले लेगी। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद दोनों सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला तय हो गया।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story