पश्चिम बंगाल उपचुनाव : कांग्रेस उम्मीदवार ने दिया धरना, रेजीनगर में दोबारा मतदान की मांग
कोलकाता, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के बीच कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी ने मंगलवार को विरोध जताया। उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ निर्वाचन क्षेत्र में पूरी तरह से दोबारा मतदान की मांग को लेकर रेजीनगर पुलिस स्टेशन के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा समर्थक कई बूथों पर वोटरों को वोट डालने से रोक रहे थे, खासकर अल्पसंख्यक समुदाय के वोटरों को निशाना बना रहे थे। उन्होंने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर भी दखल नहीं देने के आरोप लगाए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा, "रेजीनगर में वोटिंग एक मजाक बन गई है। हमारी मांग है कि इसे तुरंत रद्द किया जाए और रेजीनगर में पूरी तरह से दोबारा वोटिंग हो।"
वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा सदस्य समिक भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार अपनी भारी हार के डर से ऐसे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
भट्टाचार्य ने कहा, "रेजीनगर और नंदीग्राम में उपचुनाव चल रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार दोनों सीटों से जीतेंगे। बहुत से लोगों को अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि भाजपा अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में जीत सकती है। हम नंदीग्राम में पिछली बार जीते गए अंतर से पांच गुना ज्यादा अंतर से जीतने जा रहे हैं। रेजीनगर अल्पसंख्यक बहुल इलाका है। हम वहां भी जीतेंगे।"
दोनों चुनाव क्षेत्रों में कहीं-कहीं तनाव देखने को मिला। नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने पिछले दो दिनों से चुनाव क्षेत्र में मतदाताओं को डराना शुरू कर दिया था और मंगलवार को सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सारी हदें पार कर दीं।
प्रधान ने कहा, "चुनाव में हिस्सा लेने का हक सभी को है। लेकिन, नंदीग्राम में उस लोकतांत्रिक हक का इस्तेमाल करने की कोई स्थिति नहीं है। नंदीग्राम के उन इलाकों को, जिन्हें भाजपा विरोधी इलाके के तौर पर जाना जाता है, सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता खास तौर पर टारगेट कर रहे हैं। हम ऐसे मामलों के बारे में चुनाव आयोग को अपडेट कर रहे हैं।"
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक सोर्स ने बताया कि मंगलवार सुबह से उन्हें मिली ज्यादातर शिकायतें कांग्रेस से थीं।
--आईएएनएस
एसडी/एबीएम

