Samachar Nama
×

कंटेस्टेंट, होस्ट और अब गैंग लीडर... दो दशक में ऐसा रहा बानी जे का 'रोडीज' सफर

कंटेस्टेंट, होस्ट और अब गैंग लीडर... दो दशक में ऐसा रहा बानी जे का 'रोडीज' सफर
कंटेस्टेंट, होस्ट और अब गैंग लीडर... दो दशक में ऐसा रहा बानी जे का 'रोडीज' सफर

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और टीवी पर्सनैलिटी बानी जे ने करीब दो दशक बाद रियलिटी शो 'रोडीज' में वापसी की है। खास बात यह है कि जिस शो में उन्होंने कभी एक कंटेस्टेंट के तौर पर अपने सफर की शुरुआत की थी, अब उसी शो में वह गैंग लीडर के तौर पर नजर आएंगी।

'रोडीज' के चौथे सीजन से अब तक के सफर को याद करते हुए बानी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में 'रोडीज' काफी बदल गया है और इस दौरान उनमें भी कई बदलाव आए हैं।

बानी ने कहा, ''शो में वापसी करना मेरे लिए काफी दिलचस्प अनुभव है। मैंने इस शो को कई अलग-अलग नजरियों से देखा है। पहले मैं इसकी कंटेस्टेंट रही, फिर होस्ट बनी और अब गैंग लीडर के तौर पर वापसी कर रही हूं। हर भूमिका ने मुझे कुछ नया सिखाया है और यही वजह है कि इस बार लौटना मेरे लिए खास है। गैंग लीडर के तौर पर मैं एक मजबूत गैंग बनाना चाहती हूं और इस सफर में शामिल होने वाले रोडीज से मिलने का इंतजार कर रही हूं।''

उन्होंने आगे कहा, ''रोडी बनना आसान नहीं है। इस सफर में आपको हर दिन अपनी जगह खुद बनानी पड़ती है। इस बार ओजी और न्यू जी एक साथ आ रहे हैं, इसलिए मुकाबला पहले से ज्यादा दिलचस्प होने वाला है। नए चेहरे, नए समीकरण, नई दुश्मनी और कुछ ऐसे मोड़ भी देखने को मिलेंगे, जिनकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। यही चीज 'रोडीज' को रोमांचक बनाती है। अब देखते हैं कि राख से उठकर आगे बढ़ने का दम किसमें है।''

बता दें कि 'रोडीज' के नए सीजन में इस बार ओजी बनाम न्यू जी का फॉर्मेट पेश किया गया है। इसमें छह गैंग लीडर दो अलग-अलग टीमों में बंटकर एक-दूसरे को चुनौती देते नजर आएंगे। बानी जे न्यू जी टीम का हिस्सा होंगी। उनके साथ अभिषेक मल्हान और बसीर अली भी टीम में शामिल हैं। वहीं, ओजी टीम में निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला नजर आएंगे।

'रोडीज' से पहचान बनाने के बाद बानी ने 19 साल की उम्र में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह एमटीवी की लोकप्रिय वीजे भी बनीं। अपने करियर में उन्होंने बॉलीवुड के अलावा पंजाबी, तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है।

बानी रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 4' और 'बिग बॉस 10' का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय सीरीज 'फोर मोर शॉट्स प्लीज!' में उमंग सिंह का किरदार निभाकर अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का ध्यान खींचा था।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story